1. Hindi News
  2. बिहार
  3. ब्रेक के बदले एक्सीलेटर दबाया और कार सीधे गंगा में जा गिरी, फिर क्या हुआ? देखें वीडियो

ब्रेक के बदले एक्सीलेटर दबाया और कार सीधे गंगा में जा गिरी, फिर क्या हुआ? देखें वीडियो

पटना के मरीन ड्राइव पर नई गाड़ी के साथ सैर के लिए निकले दंपति की जान पर उस समय बन आई जब उनकी कार सीधे गंगा नदी में समा गई। बताया जाता है कि पति ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया।

car fell ganga, patna- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पटना: गंगा में समाई कार

पटना: कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं अनायास हो जाती हैं कि जान पर बन आती है। एक ऐसी ही घटना पटना के दीघा स्थित जनार्दन घाट पर हुई। यहां कार से पति-पत्नी गंगा के किनारे सैर के लिए निकले थे। अचानक ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पैर पड़ गया और कार सड़क से उछलकर सीधे सामने गंगा नदी में जा गिरी। बड़ी मुश्किल से नाविकों ने कार चालक और उनकी पत्नी को कार से बाहर निकाला। दोनों बाहर निकल गए हैं। सुरक्षित हैं।

नई गाड़ी से निकले थे सैर करने

जानकारी के मुताबिक राजधानी पटना के मरीन ड्राइव के नाम से चर्चित सड़क के किनारे दीघा थाना के जनार्दन घाट पर यह घटना घटी। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पति पत्नी अपनी नई गाड़ी के साथ गंगा नदी के किनारे सैर करने निकले थे।

मरीन ड्राइव के पास काफी चौड़ी, खुली और हवादार जगह है जिसके चलते शाम में बड़ी संख्या में यहां पर लोग घूमने के लिए आते हैं। ये दंपति भी अपनी नई गाड़ी लेकर पहुंचे। बताया जाता है कि पति ने अभी हाल ही में कार चलाना सीखा था और उनकी कार भी नई थी। 

नाविकों ने बचाई जान

जानकारी के मुताबिक गलती से ब्रेक मारने के दौरान उनका पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया और कार सीधे गंगा में समा गई। शाम के वक़्त मरीन ड्राइव के आसपास गंगा किनारे काफी भीड़ होने के कारण लोगों ने  जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास मौजूद नाव चालक गाड़ी के करीब पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों पति पत्नी को बाहर निकाला।

नाव चालक राहुल और रिंकू द्वारा मोटर नाव की मदद से  रेस्क्यू किया गया। घटना के बाद पति पत्नी अभी सदमे में हैं। जानकारी के मुताबिक गाड़ी मालिक अदित्य प्रकाश पाटलीपुत्रा इलाके के रहने वाले हैं। वे पत्नी के साथ होंडा सिटी गाड़ी से सैर के लिए निकले थे।