1. Hindi News
  2. बिहार
  3. SKMCH परिसर में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग, पूरी वारदात सीसीटीवी में हुई कैद

SKMCH परिसर में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग, पूरी वारदात सीसीटीवी में हुई कैद

मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) परिसर में पोस्टमार्टम हाउस के पास दिनदहाड़े एक महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। इसके बाद से डॉक्टरों में डर और आक्रोश है।

SKMCH परिसर में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग, पूरी वारदात सीसीटीवी में हुई कैद- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV SKMCH परिसर में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग, पूरी वारदात सीसीटीवी में हुई कैद

उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पतालों में शुमार श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) परिसर से सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अस्पताल परिसर में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक महिला डॉक्टर को अपना शिकार बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और आसानी से फरार हो गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। 

महिला गायनेकोलॉजिस्ट के गले से छीनी सोने की चेन
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहीं महिला गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. मधुलता सिंह के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस घटना से डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत और आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, डॉ. मधुलता सिंह SKMCH के MCH विभाग में गायनेकोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार दोपहर वह डॉक्टर्स कॉलोनी स्थित अपने सरकारी आवास से पैदल MCH विभाग में ड्यूटी के लिए जा रही थीं। पोस्टमार्टम हाउस के पास पहुंचते ही पीछे से अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।

CCTV कैमरे में कैद हुई घटना
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार में SKMCH के गेट नंबर-3 की ओर भाग निकले। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। CCTV फुटेज के अनुसार, दोनों बदमाश काले और मैरून रंग की अपाचे बाइक पर सवार थे। बाइक चला रहे बदमाश ने काला हेलमेट और सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी। पीछे बैठे बदमाश ने काले रंग की टोपी और सफेद टी-शर्ट पहनी थी। उसके कंधे पर हरे रंग का गमछा भी लटका हुआ था।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस 
घटना की सूचना मिलते ही SKMCH ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ओपी प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के रास्तों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को बदमाशों का हुलिया मिला है और उनके भागने के रास्ते को भी ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है। अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से हुई चेन स्नैचिंग ने SKMCH की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

(रिपोर्ट - संजीव कुमार)