A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार चुनाव में एनडीए की बंपर जीत पर आया सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत का बयान, जानिए क्या कहा?

बिहार चुनाव में एनडीए की बंपर जीत पर आया सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत का बयान, जानिए क्या कहा?

बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने कहा कि इतने बड़े जनादेश के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद। ऐसे जनादेश की उम्मीद नहीं थी। इस भरोसे को पिताजी कायम रखेंगे।

Nihant kumar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT निशांत कुमार, सीएम नीतीश के बेटे

पटना:  बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की बंपर जीत पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े जनादेश के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद। ऐसे जनादेश की उम्मीद नहीं थी। इस भरोसे को पिताजी कायम रखेंगे। प्रदेश में विकास की रफ्तार और तेज होगी। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को कुल 202 सीटों पर जीत हासिल हुई है। भारतीय जनता पार्टी को 89 और जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं। वहीं चिराग पासवान की लोकजनशक्ति रामविलास को 19 सीटें मिली है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 4, राष्ट्रीय लोकमोर्चा को 4 सीटें मिली हैं।

वहीं तेजस्वी यादव की अगुवाई में चुनाव लड़ रही महागठबंधन केवल 35 सीटों तक सिमटकर रह गई। राष्ट्रीय जनता दल को 25, कांग्रेस को 6, सीपीआईएमएल को 2, सीपीएम को 1 और आईआईपी को एक सीट हासिल हुई है। वहीं अन्य दल 6 सीटें जीतने में कामयाब रहे। असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को 5 और बहुजन समाज पार्टी को एक सीट हासिल हुई है। ओवैसी की पार्टी को पिछली बार भी 5 सीटें मिली थीं लेकिन उनके 4 विधायकों को राष्ट्रीय जनता दल ने तोड़ लिया था। 

सरकार बनाने की कवायद तेज 

बिहार में बंपर बहुमत मिलने के बाद अब एनडीए में सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। गठबंधन के घटक दलों के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार मुलाकातों और बैठकों का दौर शुरू हो गया है। एनडीए के घटक दल के नेताओं का कहना है कि एक से दो दिन के भीतर ही सरकार गठन से जुड़े सारे काम पूरे कर लिए जाएंगे।  सूत्रों के मुताबिक माना जा रहा है कि 6 विधायक के आधार पर हर पार्टी से एक मंत्री नई सरकार की कैबिनेट में शामिल हो सकता है। इसको लेकर एनडीए के घटक दलों के बीच सहमति बनती दिख रही है।

किस पार्टी को कितने मंत्री पद? 

सूत्रों के मुताबिक  BJP से 15/16 मंत्री बनाए जा सकते हैं जबकि जेडीयू से 14, चिराग पासवान की एलजेपी से 3 विधायक मंत्री बनाए जा सकते हैं। वहीं जीतन राम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोकमोर्चा को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है। उधर, एलजेपी नेता चिराग पासवान ने इस संबंध में पूछे जाने पर कहा-यह जल्द ही हो जाएगा। चर्चा चल रही है। सरकार के खाके पर स्पष्टता आ जाएगी।