1. Hindi News
  2. बिहार
  3. CM सम्राट चौधरी बोले, अब 'बिहार विद्या साथी' ऐप से बच्चों की पढ़ाई, स्टूडेंट के लिये 24X7 ऑनलाइन टीचर रहेंगे उपलब्ध

CM सम्राट चौधरी बोले, अब 'बिहार विद्या साथी' ऐप से बच्चों की पढ़ाई, स्टूडेंट के लिये 24X7 ऑनलाइन टीचर रहेंगे उपलब्ध

बिहार विद्या साथी ऐप के माध्यम से कक्षा 9 से 12 तक के स्टूडेंट के लिए 24x7 निःशुल्क लाइव शिक्षा उपलब्ध रहेगी। स्टूडेंट को अपने पसंद के टीचर्स से पढ़ने की सुविधा भी रहेगी।

बिहार विद्या साथी ऐप- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बिहार विद्या साथी ऐप

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24x7, 1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफार्म 'बिहार विद्या साथी' का शुभारंभ किया। 'बिहार विद्या साथी' ऐप के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। 'बिहार विद्या साथी' के माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें, जहां से चाहें, अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में ये सुविधा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू हो रही है। इस पहल से लगभग 3 लाख विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24X7 लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। 

JEE एवं NEET की भी की जा सकेगी तैयारी 

उन्होंने कहा कि 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। कक्षा 9वीं-10वीं के विद्यार्थियों के लिये सभी विषय तथा कक्षा 11वीं-12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, JEE एवं NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कॉन्सेप्ट लर्निंग को बनाया जाएगा और बेहतर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक AI टूल्स के माध्यम से विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्हें असीमित अध्ययन एवं अभ्यास की सुविधा मिलेगी। 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही यह व्यवस्था आगे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है। इसका भरपूर लाभ उठाएं, अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करें और ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से अपने जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करें। 

शैक्षणिक गुणवत्ता को मिलेगी मजबूत

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी जहां भी हो, जब भी पढ़ें, उनके सवाल का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उसके साथ हो। आज के इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को शुभकामनायें देता हूं और उम्मीद करता हूं कि आप इस प्लेटफार्म का उपयोग करते हुए अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करेंगे और जीवन को उन्नत बनायेंगे।

ऐप का दिखाया गया डेमो

कार्यक्रम के दौरान 'बिहार विद्या साथी' ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्रायें जाहन्वी एवं जिया ने इस ऐप के प्रयोग का डेमो दिखाया और इससे हो रही सुविधाओं एवं लाभ के बारे में जानकारी दी तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

कॉन्फ्रेंसिंग में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ० त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे जबकि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं विद्यार्थी जुड़े हुए थे।

ये भी पढ़ें: 

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के सामने मरीजों ने खोली सरकारी अस्पताल की पोल, बोले- दलालों का है दबदबा