बिहार के सीतामढ़ी में जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो हत्याकांड में आरोपी बनाए गए त्रिभुवन कुशवाहा ने एक वीडियो जारी कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पत्रकार को भेजे गए वीडियो में त्रिभुवन ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उसने दावा किया कि 28 अगस्त को बैद्यनाथ महतो पर कथित गोलीबारी में उसका कोई हाथ नहीं था और उसने बैद्यनाथ महतो पर गोली नहीं चलाई थी। इसके साथ ही उसने बैद्यनाथ महतो पर जमीन कब्जाने का भी आरोप लगाया।
आरोपी ने कहा बैद्यनाथ ने उसके पिता के साथ की थी मारपीट
आरोपी ने अपने वीडियो में दावा किया कि बैद्यनाथ महतो ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट करने के अलावा उसकी मां और बहन के साथ गाली-गलौज की गई। त्रिभुवन ने कहा कि इन घटनाओं को लेकर कई बार पंचायती भी हुई, लेकिन उसके परिवार के साथ न्याय नहीं हुआ।
त्रिभुवन ने आरोप लगाया उसके साथ नाइंसाफी हुई है
वीडियो में त्रिभुवन ने आरोप लगाया कि बैद्यनाथ महतो उस पर दबाव बनाना और अपना वर्चस्व कायम करना चाहते थे। उसने कहा कि उसके साथ कई बार नाइंसाफी हुई है और इन्हीं विवादों को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बता दें कि सीतामढ़ी जिले में जिला पार्षद खुशदिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस मामले में त्रिभुवन कुशवाहा को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
सीतामढ़ी से सौरभ की रिपोर्ट