1. Hindi News
  2. बिहार
  3. समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी, बदमाशों ने 2 युवकों को गोलियों से भूना, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी, बदमाशों ने 2 युवकों को गोलियों से भूना, जांच में जुटी पुलिस

बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं, कि हर रोज कोई न कोई गोलीबारी की घटना सामने आती है। ताजा मामला समस्तीपुर का है जहां अपराधियों ने दो युवक की गोली माकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

समस्तीपुर मर्डर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV समस्तीपुर मर्डर

बिहार के समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। नामापुर दरिया गांव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात दरिया गांव में हथियारबंद बदमाशों ने कुख्यात प्रभात चौधरी और उसके दोस्त सन्नी कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। 

मृतकों की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के नीमा चकहैदर निवासी संजय चौधरी के बेटे प्रभात चौधरी और उनके साथी सन्नी कुमार के रूप में की गई है। गोलियों की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि प्रभात चौधरी पर अवैध शराब की तस्करी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। 

समस्तीपुर में डबल मर्डर

चश्मदीदों की मानें तो रात में प्रभात और सन्नी गांव के एक सुनसान जगह पर खड़े थे, लेकिन वहां पहले से ही घात लगाकर अपराधी मौजूद थे। करीब 8-10 लोगों ने दोनों पर गोलियां बरसाईं। गोली लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े और हमलावर रात का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। 

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही डीआईजी मनोज तिवारी, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, सदर डीएसपी-2 संजय कुमार और चकमेहसी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सहनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए हैं। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। 

परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिवार के लोगों को पूछताछ की जा रही है कि कहीं कोई रंजिश का मामला तो नहीं है। ग्रामीणों से भी जानकारी हासिल की जा रही है। पुलिस हर तरीके से इस दोहरे हत्याकांड के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही है।

इनपुट: सुनील कुमार (समस्तीपुर)