1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में दिनदहाड़े फल व्यापारी को मारी गोली, बाजार समिति में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

पटना में दिनदहाड़े फल व्यापारी को मारी गोली, बाजार समिति में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

 Published : Jul 07, 2026 01:49 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 01:49 pm IST

पटना सिटी के बाजार समिति में मंगलवार सुबह एक फल कारोबारी राजकुमार प्रजापति को गोली मार दी गई। घायल को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पटना में दिनदहाड़े फल व्यापारी को मारी गोली, बाजार समिति में मचा हड़कंप- India TV Hindi
पटना में दिनदहाड़े फल व्यापारी को मारी गोली, बाजार समिति में मचा हड़कंप Image Source : INDIA TV

बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने एक फल कारोबारी को गोली मार दी और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घायल कारोबारी को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती किया गया है। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई वारदात की कहानी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फल कारोबारी अपने काम में व्यस्त था, तभी पहले से घात लगाए बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही कारोबारी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई, जबकि हमलावर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घायल कारोबारी को तत्काल इलाज के लिए पीएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी हालत को लेकर डॉक्टर्स लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन 
इधर, वारदात की खबर मिलते ही पटना के सिटी एसपी पूर्वी और बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं रंजिश, रंगदारी, कारोबारी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर तहकीकात कर रही है। फिलहाल हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। लगातार हो रही गोलीबारी और संगीन वारदातों ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पटना की सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने बताया कि अपराधियों द्वारा फल  कारोबारी को गोली मारी गई है ۔फल कारोबारी का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। फल  कारोबार की पहचान राजकुमार प्रजापति के रूप में की गई है ,कारोबारी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं ,घटनास्थल से कारतूस के दो खोखे  बरामद किए गए हैं  पुलिस अधिकारी का  कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। 

(रिपोर्ट - बिट्टू कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।