1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार ओपन स्कूल बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर के घर में EOU की रेड, 3.43 करोड़ की संपत्ति मिली

बिहार ओपन स्कूल बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर के घर में EOU की रेड, 3.43 करोड़ की संपत्ति मिली

जांच के दौरान पुलिस टीम को आरोपी के पास से कुल 3.43 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली है। यह आरोपी की ज्ञात संपत्ति से करीब 90 प्रतिशत ज्यादा है। जांच के दौरान कई अन्य खुलासे हो सकते हैं।

Deputy director raid- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अजय कुमार सिंह के घर से मिला सामान

बिहार बोर्ड ऑप ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की रेड जारी है। जांच के दौरान EOU को अजय कुमार सिंह के खिलाफ कुल 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है। तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज, संपत्ति से संबंधित कागजात या अन्य सामान बरामद हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।

बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई की तरफ से बताया गया कि विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी का सत्यापन करने के बाद यह रेड की गई है। बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के विरूद्ध ज्ञात आय से अधिक सम्पति का मामला दर्ज किया गया है। विशेष न्यायालय से अनुमति लेने के बाद रेड शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करते हुए उनके तीन अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस उपाधीक्षक कोटि के पदाधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

आय से 90 फीसदी ज्यादा संपत्ति मिली

बिहार पुलिस की तरफ से बताया गया, "अजय कुमार सिंह के विरूद्ध सत्यापन के क्रम में कुल 3,43,78,300/- रू० (तीन करोड़ तैतालीस लाख अठहतर हजार तीन सौ) रूपये आय से अधिक सम्पति अर्जन करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाया गया है, जो उनके ज्ञात आय से लगभग 90.04% अधिक है।" पुलिस टीम की तरफ से कहा गया है कि रेड पूरी होने के बाद कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। फिलहाल रेड का वीडियो सामने आया है, जिसमें दो पुलिसकर्मी घर के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो में आरोपी अधिकारी का आलीशान मकान देखा जा सकता है, जिसमें रेड के समय घर के बाहर 5 दोपहिया वाहन खड़े देखे जा सकते हैं।

तीन ठिकानों पर हुई रेड

1. पटना के चन्द्रतारा भवन बी.भी. कॉलेज, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा (थाना-राजीव नगर)
2. बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड मिठापुर, पटना स्थित अभियुक्त का कार्यालय कक्ष
3. ग्राम परोरा, पोस्ट-सहना, थाना-साहेबपुर कमाल, जिला-बेगुसराय स्थित पैतृक मकान

यह भी पढ़ें-

गोपालगंज में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार, SP ने आरोपियों को भेजा जेल

बेटे की शादी में दहेज मांगना पड़ा भारी, DM की बैठी जांच तो पिता का निकला फर्जी प्रमाणपत्र, चली गई सरकारी नौकरी