1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भाजपा नेता रंजीत सहनी से लॉरेंस गैंग के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांगी, न मिलने पर जान से मारने की धमकी

भाजपा नेता रंजीत सहनी से लॉरेंस गैंग के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांगी, न मिलने पर जान से मारने की धमकी

मुजफ्फरपुर में बीजेपी नेता रंजीत सहनी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरा व्हाट्सएप मैसेज मिला है। 50 लाख रुपये रंगदारी की डिमांड की गई है। डिमांड की गई रकम न मिलने पर बीजेपी नेता और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की भी धमकी दी गई है।

भाजपा नेता रंजीत सहनी से लॉरेंस गैंग के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांगी, न मिलने पर जान से मारने की ध- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV भाजपा नेता रंजीत सहनी से लॉरेंस गैंग के नाम पर 50 लाख की रंगदारी मांगी, न मिलने पर जान से मारने की धमकी

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है। यहां भारतीय जनता पार्टी के नेता रंजीत सहनी को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिली है। रंगदारी की रकम न देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और सहनी परिवार में दहशत का माहौल है। 

कहां का मामला
मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के संगम चौक, दाउदपुर कोठी निवासी भाजपा नेता एवं जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार सहनी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। रंजीत सहनी ने ब्रह्मपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 21 जुलाई की सुबह करीब 9:47 बजे उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को "लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप" का सदस्य बताते हुए दो-तीन दिनों के भीतर 50 लाख रुपये देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पैसे नहीं दिए गए या किसी को इसकी जानकारी दी गई तो पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा।

पीड़ित के अनुसार, जवाब नहीं मिलने पर देर रात फिर मैसेज भेजकर धमकी दी गई। एक संदेश में यह भी लिखा गया कि "तुम्हारे ही घर का विभीषण राज खोल रहा है, घर का विभीषण लंका ढाए।" इससे यह आशंका भी जताई गई कि अपराधियों को परिवार या नजदीकी लोगों की कुछ जानकारी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में एक रिपोर्ट दर्ज हुआ है। एक अज्ञात नंबर से लॉरेंस बिश्नोई के नाम से 50 लाख की रंगदारी मांगी गई है। केस का अनुसंधान किया जा रहा है। बहुत जल्द अपराधी को पकड़ा जाएगा। मामले की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि संबंधित मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर रखा गया है। साइबर सेल की मदद से व्हाट्सएप अकाउंट, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी वास्तव में किसी संगठित आपराधिक गिरोह की ओर से दी गई है या फिर किसी स्थानीय व्यक्ति ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने की कोशिश की है। वहीं, पीड़ित ने पुलिस से अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

(रिपोर्ट - संजीव कुमार)