1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मोतिहारी में फर्जी सिपाही, 4 लाख की ठगी का हुआ शिकार, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

मोतिहारी में फर्जी सिपाही, 4 लाख की ठगी का हुआ शिकार, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

मोतिहारी में एक फर्जी सिपाही गिरफ्तार हुआ है। पिछले 10 दिन से मोतिहारी बापू धाम रेलवे स्टेशन पर एक युवक पुलिस की बर्दी पहन ड्यूटी कर रहा था। युवक ने नौकरी के नाम पर 4 लाख की ठगी का दावा किया है।

मोतिहारी फर्जी पुलिस सिपाही- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मोतिहारी फर्जी पुलिस सिपाही

मोतिहारी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मोतिहारी बापूधाम रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब दस दिनों से पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी कर रहे एक युवक को नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर नगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान पूर्वी चम्पारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के इस्माइल गांव निवासी शंभू राम के बेटे पवन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पवन कथित तौर पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार हुआ है।

पवन ने पुलिस को बताया कि वह पहले महाराष्ट्र में मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी मां की मुलाकात पताही निवासी हरेंद्र राम से हुई। हरेंद्र ने पटना सचिवालय में संपर्क होने का दावा करते हुए सिपाही की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

पुलिस में सिपाही की नौकरी के लिए 4 लाख की ठगी

इसके बाद पवन की मां उसे घर बुला लाई। पवन अपनी बहन के साथ बिहार के मुजफ्फरपुर में रहकर तैयारी करने लगा। कुछ समय बाद हरेंद्र उसे पटना ले गया, जहां उसकी मुलाकात बासुदेव राम और उसकी पत्नी से कराई गई। आरोप है कि इन लोगों ने सिपाही की नौकरी दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये की मांग की। पवन के अनुसार उसने एक लाख रुपये ऑनलाइन और बाकी की रकम नकद देकर कुल चार लाख रुपये का भुगतान किया।

बिना नौकरी के ही मोतिहारी के बापूधाम रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए भेजा युवक 

पवन ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसे कहा गया कि उसकी नौकरी लग गई है और उसे मोतिहारी के बापूधाम रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए भेज दिया गया। इसके बाद वह रोजाना मुजफ्फरपुर से मोतिहारी आकर वर्दी पहनकर ड्यूटी करता और शाम को वापस लौट जाता था। उसे पूरा विश्वास था कि वह वास्तव में पुलिसकर्मी बन चुका है।

पुलिस ने सिपाही की वर्दी पहन फर्जी नौकरी कर रहे युवक को किया गिरफ्तार

हालांकि सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने जांच की और युवक को हिरासत में ले लिया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी को वर्दी और दूसरे सामान कहां से उपलब्ध कराए गए। क्या आरोपी भी नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार हुआ है।

इनपुट: अरविन्द कुमार (मोतिहारी)