1. Hindi News
  2. बिहार
  3. दरभंगा में 'बाल कतरवा' गैंग का खौफ, रात को चुपके से काट रहे औरतों के बाल

दरभंगा में 'बाल कतरवा' गैंग का खौफ, रात को चुपके से काट रहे औरतों के बाल

बिहार के दरभंगा जिले के कुछ गांवों में इन दिनों 'बाल कतरवा' गैंग का आतंक फैल गया है। यहां इस गैंग ने आठ दिनों के अंतर में इस तरह की दो घटनाओं को अंजाम दिया है। जानें पूरा मामला।

दरभंगा में 'बाल कतरवा' गैंग का खौफ,  रात को चुपके से काट रहे औरतों के बाल- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दरभंगा में 'बाल कतरवा' गैंग का खौफ, रात को चुपके से काट रहे औरतों के बाल

बिहार के दरभंगा जिले और उसके आस-पास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों 'बाल कतरवा' गैंग का खौफ बढ़ता जा रहा है। स्थानीय महिलाओं के बीच दहशत का माहौल है। चर्चा है कि रात के अंधेरे में या जब महिलाएं सो रही होती हैं, तब कोई चुपके से आता है और उनके बाल काटकर भाग जाता जाता है।

कहां का है मामला
ताजा मामला दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव का है जहां महज 8 दिन के भीतर अपराधियों ने दूसरी बार एक जैसी वारदात को अंजाम दिया। इस बार शिक्षक दंपति सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसे बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। इसके साथ ही वहां सो रही बच्ची के बाल भी काट दिए। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस एफएसएल और टेक्निकल सेल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। दोनों वारदातों में कई चौंकाने वाली समानताएं सामने आई हैं। दोनों घटनाएं गुरुवार की रात ही हुई है। दोनों घटनाएं एक ही गांव और आसपास के इलाके में हुईं। दोनों में डकैती की गई और दोनों में लड़कियों के बाल काटे गए। 

8 जुलाई को हुई थी पहली घटना 
गौरतलब है कि 8 दिन पहले इसी गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर डकैती के दौरान बदमाशों ने उनकी बहू को नशीला इंजेक्शन देकर उसके भी बाल काट दिए थे और लाखों के जेवर लूट लिए थे। लगातार दो घटनाओं में बाल काटने का एक जैसा मामला सामने आने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह है और बाल काटने के पीछे आखिर अपराधियों की मंशा क्या है?

पुलिस ने कही ये बात 
वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कुछ बदमाशों ने घर पर लूट की घटना को अंजाम दिया और वहां सो रही एक नाबालिग बच्ची का बाल काट कर फरार हो गए। इस घटना की सूचना जैसे ही हमें मिली, पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सारे साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ा जा सके। 

(रिपोर्ट - जितेंद्र कुमार)