1. Hindi News
  2. बिहार
  3. "शादी करो, नहीं तो जान से मार देंगे", रात में नाम पुकारते हुए घर में घुसा और सो रही युवती पर दनादन दागी गोलियां

"शादी करो, नहीं तो जान से मार देंगे", रात में नाम पुकारते हुए घर में घुसा और सो रही युवती पर दनादन दागी गोलियां

शादी से मना करने पर एक युवती को उसके ही घर में घुसकर गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवती को नाजुक हालत में इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया।

पीड़िता युवती ने बताई पूरी घटना- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पीड़िता युवती ने बताई पूरी घटना

बिहार के हाजीपुर में बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवतपुर गांव में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शादी से इंकार करने पर एक युवती को उसके ही घर में घुसकर गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को नाजुक हालत में इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर किया गया।

घटना रविवार की देर रात लगभग 12 बजे के करीब हुई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने युवती के घर में घुसकर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली दाहिने हाथ की कलाई में लगी। दूसरी गोली दाहिने साइड के पसलियों (पंजारा) में लगी। घायल युवती की पहचान खिलवतपुर गांव निवासी स्वर्गीय कृष्ण सिंह की 25 वर्षीय पुत्री संध्या कुमारी के रूप में हुई है।

गंभीर हालत में पटना PMCH रेफर

गोली लगने के बाद परिवार वालों ने संध्या कुमारी को आनन-फानन में बिदुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर भी स्थिति नाजुक बनी रही, जिसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया है।

पीड़िता ने बताई घटना की वजह

घायल संध्या कुमारी ने होश में आने पर बताया कि हमलावर उसका चचेरा भाई राजा सिंह का फुफेरा साला है, जिसका नाम अजय कुमार है और वह पटना के बख्तियारपुर का रहने वाला है। अजय कुमार का उसकी बहन के यहां आना-जाना था, इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। करीब 5 महीने से दोनों की कभी-कभी फोन पर बात होती थी। संध्या के अनुसार, अजय उसे बार-बार गाली-गलौज करता था और शादी करने का दबाव बना रहा था। संध्या ने शादी से यह कहकर इंकार कर दिया कि उसकी मां राजी नहीं हैं और वह उसे पसंद भी नहीं करती।

पीड़िता ने आगे बताया कि शादी से इंकार करने पर अजय उसे जान से मारने की धमकी देने लगा था। संध्या ने बताया कि रविवार रात लगभग 12 बजे जब वह अपने कमरे में सो रही थी, तब अजय ने कमरा खुलवाकर उस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

मां ने लगाए हत्या की कोशिश के आरोप

घायल संध्या की मां मंजुला देवी ने बताया कि रात में पांच की संख्या में अपराधी घर में घुसे थे। उन्होंने नाम पुकारकर घर का दरवाजा खुलवाया और गोली चलाना शुरू कर दिया। मंजुला देवी ने अजय कुमार पर ही गोली चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह बार-बार उनकी बेटी को फोन पर धमकी दे रहा था कि "हमसे शादी करो, नहीं तो जान से मार देंगे।" बेटी के शादी से इंकार करने के कारण ही उसे गोली मार दी गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी अजय कुमार एवं अन्य हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- राजा बाबू)

ये भी पढ़ें-

क्या MGNREGA से हटाया जा रहा है महात्मा गांधी का नाम? प्रियंका गांधी ने दावा करते हुए सरकार को घरा

दिल्ली पहुंचे भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, स्वागत के लिए खुद पहुंचे अमित शाह