1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर-दरभंगा समेत 22 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आपके जिले का मौसम

मुजफ्फरपुर-दरभंगा समेत 22 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आपके जिले का मौसम

बिहार में एक बार फिर मौसम लोगों पर मेहरबान होने वाला है। राज्य के 22 जिलों में आज तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा का रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है।

मुजफ्फरपुर-दरभंगा समेत 22 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
Image Source : ANI मुजफ्फरपुर-दरभंगा समेत 22 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बीते मंगलवार को राजधानी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत दिलाई थी। हालांकि, आज यानी बुधवार (8 जुलाई 2026) को राज्य के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पटना मौसम विभाग ने आज राज्य के अधिकांश हिस्सों, विशेषकर उत्तरी, उत्तर-पूर्वी और पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 

इन 22 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी
पटना मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में तेज बारिश और आसमानी बिजली की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। ये जिले हैं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई। वहीं मौसम विभाग ने इन जिलों में रहने वाले लोगों को भारी बारिश के साथ-साथ आसमानी बिजली गिरने से सावधान रहने की सलाह दी गई है। जहां एक तरफ राज्य का आधा हिस्सा भारी बारिश की जद में है, वहीं दूसरी तरफ राजधानी पटना समेत दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में आज राहत रहने वाली है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों को 'ग्रीन जोन' में रखा है, जिसका मतलब है कि यहां के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इनमें पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल है। 

मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की दी सलाह
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की है। बादल गरजने और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास बिल्कुल न खड़े हों। इसके अलावा तेज हवा और मूसलाधार बारिश के समय किसी पक्के और सुरक्षित मकान में रुकें। ग्रामीण इलाकों के किसान भाई मौसम सामान्य होने तक खेतों में जाने या काम करने से बचें।