1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कटिहार में बाढ़ पीड़ितों ने गाड़ी से ही लूट लिया राशन, बांटने पहुंची JDU नेत्री देखती रह गईं

कटिहार में बाढ़ पीड़ितों ने गाड़ी से ही लूट लिया राशन, बांटने पहुंची JDU नेत्री देखती रह गईं

बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। कटिहार भी उन्हीं जिलों में से एक है। यहां 200 से ज्यादा घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है जिसकी वजह से राशन का सामान खराब हो चुका है। इसकी वजह से लोगों को खाने पीने में बड़ी दिक्कत हो रही है।

कटिहार में बाढ़ पीड़ितों ने गाड़ी से ही लूट लिया राशन, बांटने पहुंची JDU नेत्री देखती रह गईं- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कटिहार में बाढ़ पीड़ितों ने गाड़ी से ही लूट लिया राशन, बांटने पहुंची JDU नेत्री देखती रह गईं

बिहार के कटिहार जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां प्रशासनिक और सामाजिक राहत कार्यों के दौरान अक्सर अव्यवस्था की तस्वीरें सामने आ रही हैं। यहां लगभग 200 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इसकी वजह से लोगों के सामने भोजन, जरूरी सामानों का संकट खड़ा हो गया है। बाढ़ की वजह से घरों में रखा अनाज खराब हो गया है जिससे लोगों को खाने पीने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को जहां से भी राहत सामग्री मिल रहा है लोग लूट मचा रहे हैं। हाल ही में राहत सामग्री बांटने पहुंची जनता दल (यूनाइटेड) की एक स्थानीय नेत्री और उनकी टीम के सामने बाढ़ पीड़ितों ने आपाधापी में गाड़ी से सीधे राशन लूट लिया। 

कहां का मामला
कटिहार में बाढ़ की त्रासदी के बीच राहत की तस्वीर ने हर किसी को हैरान कर दिया। कुर्सेला प्रखंड में बाढ़ पीड़ितों के बीच सुखा राशन बांटने पहुंची JDU नेत्री की गाड़ी से ही लोगों ने राशन के पैकेट उतार लिए। हालात ऐसे बने कि राशन बांटने की शुरुआत भी नहीं हुई थी और लोगों ने राहत सामग्री लूटना शुरू कर दिया। तस्वीरें कुर्सेला रेलवे ढाला के पास की हैं, जहां करीब 200 बाढ़ पीड़ित परिवार पॉलिथीन के नीचे जिंदगी गुजार रहे हैं। स्थानीय मुखिया और कटिहार जिला JDU महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रीतम कुशवाहा अपनी गाड़ी से इन परिवारों के लिए सुखा राशन लेकर पहुंचीं थीं। गाड़ी रुकते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आसपास जमा हो गए। डिक्की खुलते ही लोगों ने राशन के पैकेट निकालने शुरू कर दिए।

देखते ही देखते राशन लोगों के हाथों में पहुंच गया और गाड़ी खाली होने लगी। इस पूरे घटनाक्रम को देखने के बाद JDU नेत्री ने भी माना कि बाढ़ पीड़ितों की हालत बेहद खराब है। उनका कहना है कि जिस तरह लोग राशन के लिए टूट पड़े, उससे लगता है कि कई दिनों से उन्हें ठीक से खाना नहीं मिला है।