बिहार में प्रशांत किशोर के करीबी रवि नारायण सिंह के होटल में इनकम टैक्स की रेड पड़ी है। जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम पार्टी कार्यालय के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। टीम की कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों से भी पूछताछ किए जाने की सूचना है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई किस मामले या किस तरह की वित्तीय अनियमितता से जुड़ी है।
छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया सामने
आयकर विभाग की टीमें पार्टी कार्यालय और होटल समेत संबंधित ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। अधिकारियों की ओर से अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उपचुनाव की हलचल तेज
वहीं, बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर के करीबी से जुड़े होटल में एक साथ आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। होटल मालिक रवि नारायण की ओर से भी फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्या-क्या हुआ बरामद? अभी इसकी नहीं मिली जानकारी
आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई और कार्रवाई का वास्तविक कारण क्या है। फिलहाल, आयकर विभाग की टीमें दोनों स्थानों पर तलाशी और जांच की कार्रवाई में जुटी हैं।
भाजपा ने प्रशांत किशोर की निर्वाचन आयोग से की शिकायत
इससे पहले बीजेपी एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पटना में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर (पीके) पर चुनावी खर्च की निर्धारित सीमा के कथित उल्लंघन, फर्जी कंपनियों के माध्यम से धन खर्च करने तथा सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट और बॉट नेटवर्क के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। प्रतिनिधिमंडल में बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक जीवेश मिश्रा, विधान परिषद में मुख्य सचेतक जनक राम, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा पार्टी में चुनाव आयोग प्रकोष्ठ के संयोजक राकेश ठाकुर शामिल थे।
निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने चुनावी खर्च की 40 लाख रुपये की निर्धारित सीमा से अधिक, करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। हुसैन ने दावा किया कि इस संबंध में भाजपा ने निर्वाचन आयोग को दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं।
ये भी पढ़ें:
बिहार के बांकीपुर में उपचुनाव बना चर्चा का विषय, क्या है इस सीट पर जातीय समीकरण? यहां जानें