पटना: आज पूरे देश में महाशिवरात्रि की धूम है, वहीं दूसरी ओर श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में आज रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भारतीय टीम की जीत का हुंकार भरा।
शिवभक्ति के साथ खेल का उत्साह
पटना में महाशिवरात्रि के अवसर पर तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बात करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "आज महादेव का दिन है, भोलेनाथ से सभी को ऊर्जा मिलती है और उनका आशीर्वाद ही हम सबको शक्ति देता है।" वहीं, कोलंबो में होने वाले मैच पर जब उनसे सवाल पूछा गया, तो तेज प्रताप ने कहा, "हां तो भारत जीतेगा।"
यह कोई बड़ा खेल आयोजन नहीं: प्रियंका चतुर्वेदी
वहीं, भारत-पाकिस्तान मैच पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "मैं इसे कोई शानदार मुकाबला नहीं मानती। मुझे नहीं लगता कि इस मैच की कोई जरूरत है। मेरी नज़र में यह कोई बड़ा खेल आयोजन नहीं है। मुझे लगता है कि यह उन कई भारतीयों के खून पर हो रहा है, जो पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए थे। यह मैच दिल्ली के लाल किले पर हुए धमाके के बाद हो रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "पाकिस्तान ने जो भी फैसला किया और ICC ने उन्हें खेलने के लिए कैसे राजी किया, यह सब बस यही दिखाता है कि भारत, BCCI और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए क्रिकेट मैच खेलना ज्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उनका मुनाफा बढ़ता है। लेकिन खेल भावना के लिहाज से और आतंकवाद से निपटने के नजरिए से देखा जाए- जब प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस'की बात की है और फिर भी भारत और पाकिस्तान ये मैच खेल रहे हैं, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।"
ये भी पढ़ें-
कपड़े सुखाते समय पहली मंजिल से धड़ाम से नीचे गिरी महिला, 6 महीने पहले हुई थी शादी; खौफनाक है CCTV फुटेज
पटना के मेडिकल छात्र ने दुर्गापुर में की खुदकुशी, हॉस्टल के बाथरूम में मिला शव; मचा हड़कंप