A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. चुनाव मंचः रविशंकर प्रसाद ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर लालू यादव पर निशाना साधा, कहा- 'नीतीश ईमानदार हैं'

चुनाव मंचः रविशंकर प्रसाद ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर लालू यादव पर निशाना साधा, कहा- 'नीतीश ईमानदार हैं'

इंडिया टीवी के चुनाव मंच 2025 कार्यक्रम में बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर खुलकर बात की।

Ravishankar prasad- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV रविशंकर प्रसाद

इंडिया टीवी के चुनाव मंच 2025 कार्यक्रम में बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर खुलकर बात की। बिहार की धरती की महानता बताते हुए उन्होंने कहा कि मोहनदास बिहार के चंपारण में आकर गांधी बने। देश के पहले प्रधानमंत्री राजेंद्र प्रसाद भी बिहार से निकले। जयप्रकाश नारायण भी बिहार से थे, उनके पास प्रधानमंत्री बनने का मौका था। हालांकि, उन्होंने लोकसेवा का फैसला किया।

लालू यादव के भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि लालू के राज में कोई उनके खिलाफ बोल नहीं सकता था। स्थानीय पत्रकार भी उनके खिलाफ नहीं बोलते थे। एक बार एग्जिट पोल में ऐसा दिखाया गया कि आरजेडी चुनाव जीत रही है। इसके बाद व्यापारी पूछ रहे थे कि वह सामान मंगवाएं या नहीं। उन्हें डर था कि उनका सामान लूट लिया जाएगा। नीतीश कुमार ईमानदार हैं, यह सबको स्वीकार करना होगा। लालू यादव और मुलायम सिंह पर परिवारवाद के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि समाजिक न्याय की राजनीति परिवारवाद की कुंठा से ग्रसित हो गई है।

नीतीश की सेहत को लेकर क्या बोले

नीतीश कुमार की सेहत पर बात करते हुए रविंशकर प्रसाद ने कहा कि कुछ चीजें उम्र के हिसाब से होती हैं, उन्हें नहीं टाला जा सकता है। हालांकि, नीतीश कुमार पूरे बिहार में घूम रहे हैं। वह प्रधानमंत्री के सामने बोल रहे हैं। ऐसे में विपक्षी नेताओं की बातें बेबुनियाद हैं। इसके साथ ही रविशंकर प्रसाद ने बिहार में प्रचंड जीत का दावा किया।

सीएम के चेहरे पर क्या बोले?

सीएम के चेहरे को लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार की अगुआई में ही चुनाव लड़ा जा रहा है। बीजेपी अपना गठबंधन धर्म निभाती है। इसी वजह से 2005 और 2020 में जेडीयू से ज्यादा सीट होने पर भी बीजेपी ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया। बीजेपी ने महाराष्ट्र और हरियाणा में भी अपने सहयोगियों का साथ नहीं छोड़ा। 

चिट से पढ़कर न बोलें तेजस्वी

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि तेजस्वी यादव हर परिवार में नौकरी देने का वादा कर रहे हैं। यह संभव नहीं है। आज के समय में कम से कम सैलरी 40 हजार रुपये होती है। ऐसे में तेजस्वी इतनी बड़ी रकम कहां से लाएंगे, जो बिहार के बजट से भी ज्यादा है। वह राहुल गांधी की तरह चिट से पढ़ना न सीखें। वह उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें ऐसी बातें करनी होंगी, जो वास्तविक हों।

प्रशांत किशोर पर क्या बोले?

प्रशांत किशोर को लेकर उन्होंने कहा कि सभी को राजनीति में आने का अधिकार है। वह पूरे राज्य में घूमे हैं, अच्छी बात है। बिहार की जनता ने कईयों को घुमाया है। वह खुद को इंडिया गठबंधन की जगह मुख्य विपक्षी के रूप में पेश करते हैं, लेकिन उनकी बातों में दम नहीं है। उनका कहना है कि वह अर्श पर रहेंगे या फिर फर्श पर रहेंगे। उनके फर्श पर रहने की संभावना ज्यादा प्रतीत होती है।

यह भी पढ़ें-

मुकेश सहनी नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर, महागठबंधन में क्या डील हुई?

लालू ने पार्टी से निकाला, तेजप्रताप ने नहीं छोड़ा महुआ का साथ, आखिर क्यों ये सीट है उन्हें प्यारी