जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आगामी तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में बुधवार को शामिल हुए। बैठक जिला परिषद मार्केट स्थित होटल शुभकामना में आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश स्तरीय नेताओं में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, एनपी मंडल, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली सहित अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली से संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी MLC चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के संबंध में अपनी राय रखी।
कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, मतदाताओं के बीच जन सुराज की पहुंच और चुनाव को लेकर स्थानीय स्तर पर आवश्यक तैयारियों से संबंधित सुझाव भी साझा किए। प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर उनके सुझावों पर चर्चा की।
जल्द उम्मीदवारों के नाम का होगा ऐलान
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बैठक में आगामी MLC चुनाव को लेकर आपस में विस्तृत चर्चा हुई कि किसे पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाए। अगले दो-चार दिनों में जन सुराज के प्रत्याशी की घोषणा की जानी है। इसी को लेकर तिरहुत प्रमंडल में संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल रहे सभी साथियों को बैठक में आमंत्रित किया गया था, ताकि उनकी राय और सुझाव लिए जा सकें। इसके साथ ही जो साथी चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, उन्होंने भी अपनी बात रखी। बैठक में सभी की राय और सुझाव सुने गए हैं और इन्हीं के आधार पर अगले दो-चार दिनों में पार्टी के प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी।
पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी पार्टी
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ये तो चुनाव में पता चलेगा कि जन सुराज का जनाधार बढ़ रहा है या घट रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि पार्टी पूरी ताकत के साथ यह चुनाव लड़े। संगठन में चुनाव को लेकर उत्साह है और सभी लोग बांकीपुर की जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मजबूती से मैदान में उतरना चाहते हैं। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर संगठन को और मजबूत करने, मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने तथा प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने पर भी मंथन किया गया। बता दें कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर से विधायक चुने गए हैं और यह सीट परंपरागत बीजेपी की थी। इस सीट के जीतने के बाद से पीके का उत्साह और बढ़ गया है।
रिपोर्टः संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर
ये भी पढ़ेंः नेपाल की बाढ़ ने रक्सौल के 'लाल' को निगला! 7 दिन बाद भी नहीं मिला शव तो पिता ने कुश के पुतले का किया अंतिम संस्कार