A
Hindi News बिहार कोई CM आवास के बाहर धरने पर बैठा तो किसी की आंख से छलके आंसू, NDA में सीट बंटवारे पर मचा घमासान

कोई CM आवास के बाहर धरने पर बैठा तो किसी की आंख से छलके आंसू, NDA में सीट बंटवारे पर मचा घमासान

गोपाल मंडल आज अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनका टिकट काटने की साजिश हो रही है। वहीं जेडीयू विधायक रत्नेश सदा की आंखों से आंसू छलक पड़े।

Gopal Mandal, JDU- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे गोपाल मंडल

पटना: एनडीए में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला गठबंधन के सहयोगी दलों को पच नहीं रहा है। पहले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी नाराजगी जताई वहीं अब गठबंधन के अहम दल जनता दल यूनाइटेड में भी घमासान मचा हुआ है। भागलपुर के गोपालपुर विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड से के विधायक गोपाल मंडल अब मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।

समर्थकों के साथ सीएम हाउस पहुंचे गोपाल मंडल

गोपाल मंडल आज अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनका टिकट काटने की साजिश हो रही है। मुख्यमंत्री आवास में बैठे हुए कुछ लोग उन्हें बेटिकट करना चाहते हैं। गोपाल मंडल का कहना था कि वे सीएम नीतीश कुमार से मिलकर अपनी बात रखना चाहते हैं। लेकिन जब उन्हें एंट्री नहीं मिली तो वे सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।

मंत्री रत्नेश सदा की आंखों से छलक पड़े आंसू

वहीं सहरसा की सोनबरसा विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड के विधायक और मंत्री रत्नेश सदा की आंखों में आंसू आ गए। बताया जा रहा है कि उनकी सीट भी चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी के खाते में दे दी गई है। बताया जाता है कि जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें पार्टी का सिंबल भी दे दिया गया था लेकिन बात में उन्हें पता चला कि उनकी सीट चिराग पासवान की एलजेपी को दे दी गई है।

रत्नेश सदा इंडिया टीवी से बात करते समय भावुक हो गए और उनकी आंखों से छलक पड़े। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने हमें कीचड़ और दलदल से निकाला है। रत्नेश सदा ने कहा कि जैसे ही हमारे क्षेत्र में जब लोगों को यह पता चला तो लोगों में काफी आक्रोश फैल गया। बता दें कि रत्नेश सदा जेडीयू के दलित चेहरा हैं और नीतीश कुमार के काफी करीबी भी माने जाते हैं।