बिहार की राजधान पटना में सीएम नीतीश कुमार और चिराग पासवान इफ्तार पार्टी का आयोजन पहले ही कर चुके हैं। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री जीतन राम मांझी ने आज पटना में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। इस इफ्तार पार्टी में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज नेता पहुंचे। मांझी की इफ्तार पार्टी में सीएम नीतीश कुमार ने इस्लामिक वाली टोपी पहनी। वहीं, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इफ्तार पार्टी में इस्लामिक टोपी पहनने से इंकार कर दिया।
सम्राट चौधरी ने नहीं पहनी इस्लामिक टोपी
इफ्तार पार्टी में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आने से पहले ही आ गये थे। सम्राट जैसे ही इफ्तार में पहुंचे तो उन्हें हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) पार्टी के किसी कार्यकर्ता ने इस्लामिक टोपी पहनाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया।
पार्टी से कुछ ही देर बाद चले गए सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी को कहीं जाना था, इसलिए इफ्तार पार्टी में कुछ देर रहने के बाद वे चले गए। सम्राट चौधरी के जाने के बाद CM नीतीश कुमार आए। जीतन राम मांझी ने गुलदस्ता, टोपी एवं साफा भेंटकर उनका अभिनंदन किया। सीएम नीतीश ने खास तरह की भेंट की गई टोपी पहनी भी।
सीएम नीतीश कुमार ने पहनी इस्लामिक टोपी
जीतन राम मांझी की इफ्तार पार्टी में नीतीश कुमार के साथ आये जेडीयू के नेताओं ने भी इस्लामिक टोपी पहनी। सीएम नीतीश कुमार के आने के थोड़ी देर बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी इफ्तार पार्टी में पहुंचे। इफ्तार के बाद रोजे की नमाज अदा की गई।
मांझी की इफ्तार पार्टी में शामिल हुए ये नेता
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की इफ्तार पार्टी में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सूचना एवं जन-सम्पर्क मंत्री महेश्वर हजारी, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, परिवहन मंत्री शीला मंडल, पटना की मेयर सीता साहू, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक अनिल कुमार, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं रोजेदार उपस्थित रहे।