1. Hindi News
  2. बिहार
  3. तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी ठोकर, 5KM तक घसीटते हुए ले गया, पति-पत्नी की हालत गंभीर

तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी ठोकर, 5KM तक घसीटते हुए ले गया, पति-पत्नी की हालत गंभीर

हादसे के बाद पिकअप ट्रक बाइक को पांच किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

katihar Accidnet- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कटिहार हादसा

बिहार के कटिहार में एक पिक अप ड्राइवर हादसे के बाद पांच किलोमीटर तक बाइक को घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना कुरसेला थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे-77 पर हुई। सड़क पर प्रखंड मुख्यालय के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दंपति को ठोकर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक बाइक को घिसटते हुए करीब पांच किलोमीटर तक ले गया और बाद में पुलिस वाहन को देखकर पिकअप छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार बल्थी महेशपुर निवासी खगेश मंडल, जिनकी उम्र 35 वर्ष है। वह अपनी 30 वर्षीय पत्नी अनिता देवी के साथ खेत से काम कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बल्थी महेशपुर  की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पांच किलोमीटर तक बाइक को घसीटते हुए ले गया ट्रक

हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को घिसटते हुए शहीद चौक होते हुए करीब पांच किलोमीटर दूर एनएच-31 स्थित विषहरी स्थान तक ले गया। वहां पुलिस वाहन को देखकर चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए कुरसेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त किया

बाजार क्षेत्र में पिकअप द्वारा बाइक को घसीटते हुए ले जाते देख लोग हैरान रह गए और सड़क पर काफी भीड़ जमा हो गई। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर थाना ले आई है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

(कटिहार से निरंजन सिंह की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

बिहार में राज्यसभा की जंग तेज, चुनाव से पहले JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का बड़ा दावा, जानें क्या कहा?

​'अरे कहां जा रही हो, बंद कर दें क्या?' भाषण छोड़ जाने लगीं महिलाएं, तो आपा खो बैठे सीएम नीतीश कुमार