बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की लूट का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खगड़िया के नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर स्थित ज्ञानी चौक का बताए जा रहे इस वीडियो में बच्चे से लेकर बड़े तक ट्रैक्टर पर लदी शराब की बोतलें लूटते नजर आ रहे हैं।
शराब की बोतलें लेकर भागते नजर आए लोग
वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर के आसपास जुटे दिखाई दे रहे हैं। कोई ट्रैक्टर की ट्रॉली पर चढ़कर शराब की बोतलें उठा रहा है तो कोई बोतलें लेकर मौके से भागता नजर आ रहा है। एक युवक शराब की बोतलें अपने कपड़ों में छिपाता हुआ भी दिखाई दे रहा है। शराब के बोतलों की लूट में बड़े, बूढ़े और बच्चे भी शामिल रहे।
‘पुलिस आ रही है, भागो’... फिर भी नहीं रुकी लूट
वीडियो में कुछ लोग भीड़ को यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि ‘पुलिस आ रही है, भागो।’ इसके बावजूद लोग शराब की बोतलें लूटने में जुटे रहे। काफी देर तक मौके पर शराब लूटने की होड़ मची रही।
ज्ञानी चौक पर चल रहा पुल का निर्माण
बताया जा रहा है कि मथुरापुर के ज्ञानी चौक पर पुल निर्माण का काम चल रहा है। इसी जगह पर खड़े एक ट्रैक्टर पर शराब लदी होने की जानकारी मिलने के बाद लोग वहां पहुंच गए और शराब की बोतलें लूटने लगे।
शराब से लदा ट्रैक्टर वहां तक कैसे पहुंचा?
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच की जा रही है कि शराब से लदा ट्रैक्टर वहां तक कैसे पहुंचा, शराब कहां से लाई गई थी और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
शराबबंदी के बीच अवैध शराब, खड़े हुए सवाल
वायरल वीडियो ने बिहार में शराबबंदी के बीच अवैध शराब की मौजूदगी और कानून के प्रति लोगों के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार के अन्य जिलों में भी बेधड़क अवैध शराब मिनले की खबरें आ चुकी हैं। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी भी कर रही है। अवैध शराब की तस्करी में शामिल लोगों को गिरफ्तार भी किया जा रहा है।
आशीष कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
पटना में बेटे ने मां और सास को बेरहमी से पीटा, मारपीट में घायल दोनों महिलाओं को अस्पताल में कराया गया भर्ती