बिहार की राजधानी पटना के सोना गोपालपुर गांव में गुरुवार को पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी मां और सास पर हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद, बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
चार साल की बेटी के साथ घर के अंदर खुद को किया बंद
घटना के बाद आरोपी युवक राजपाल महतो अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ घर के अंदर खुद को बंद कर लिया। सूचना मिलने पर गोपालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को घेर लिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को घर से सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया।
नशे की हालत में मां और सास पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। वहीं आरोपी के पिता बद्री महतो ने बताया कि उनका बेटा नशे का आदी है। आरोप है कि गुरुवार को नशे की हालत में उसने अपनी मां और सास पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने पिता और पत्नी को भी मारने के लिए दौड़ाया, लेकिन दोनों किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों के साथ-साथ हमले में इस्तेमाल हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सोना गोपालपुर गांव में एक युवक ने अपनी मां और सास पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। आरोपी अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ घर में बंद था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और आरोपी राजपाल महतो को हिरासत में ले लिया।