A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Live: अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करेंगे खान सर, गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही पुलिस

Live: अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करेंगे खान सर, गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही पुलिस

खान सर की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, कोचिंग के छात्रों से कहा गया है कि किसी भी तरह के बहकावे में न आएं और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें।

khan sir- India TV Hindi
Image Source : X/KGS फैजल खान उर्फ खान सर

पटना में हुए फायरिंग मामले में खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। खान सर की कोचिंग के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। हालांकि, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर करेंगे। खान सर पर आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश में एफआईआर दर्ज हुई है। इसके मुताबिक खान सर के कहने पर ही उनके गार्ड्स ने फायरिंग की और अब पटना पुलिस की कई टीमें खान सर की तलाश में जुटी हुई हैं। दूसरी ओर मामले में दोनों ही कोचिंग के छात्र आमने-सामने हैं। ऐसे में पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि किसी के बहकावे में ना आएं और शांति से प्रदर्शन करें।

मंगलवार रात को 15 से 20 लोगों के एक समूह ने खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी और परिसर पर पथराव किया था। पुलिस ने जांच के बाद प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ के संचालक रोशन आनंद को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज में तोड़फोड़ के मामले में दर्ज प्राथमिकी में खान सर का नाम शामिल किया गया है। 

गुरुवार को गिरफ्तार हुए थे गार्ड

पुलिस अधिकारी ने बताया, ''चूंकि प्राथमिकी में उनका (खान सर का) नाम है, इसलिए पुलिस उनसे पूछताछ करेगी।'' पुलिस ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि खान सर के खिलाफ कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने गुरुवार को कोचिंग संस्थान से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को मंगलवार रात कथित रूप से हवा में गोलीबारी करने के आरोप में हिरासत में लिया था। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो प्रसारित होने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों गार्ड गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

विवादों से पुराना नाता

खान सर के पैतृक गांव भाटपाररानी में लोगों ने बताया कि खान सर का नाता शुरू से ही विवादों में रहा है। वह गांव के नाली सड़क को लेकर भी विवादों में रहे हैं। खान सर के पैतृक गांव में उनके मोहल्ले के सभासद, पड़ोस के लोग, रिश्ते के चाचा ने भी खान सर के बारे मे अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। खान सर तो पहले साधारण परिवार से थे, लेकिन बाद में उनको काफी शोहरत मिली।

खान सर के मोहल्ले के निवासी अशोक सिंह ने कहा, "वो जरूर फायरिंग कराये होंगे, हमारी चारदीवारी गिरवा दिया। उनके पिता जी कहते है हाई कोर्ट में ले जाऊंगा। अपने चाचा के बाउंड्री को गिरवा दिया अपने को बहुत बड़ा आदमी मानते हैं उनके पिता जी।"

आदित्य सिंह ने बताया कि खान सर का काफी दबदबा है। उनका नाम खान सर नहीं अभियान कर होना चाहिए। उनके घर के सामने नाली का निर्माण नगर पंचायत द्वारा कराया जा रहा था, जिसको उन्होंने रोकने का प्रयास किया। उनके एक फोन पर तमाम प्रशासनिक टीम पहुंच गई। अशोक सिंह ने बताया कि उनके खिलाफ जो हो रहा है वह सही हो रहा है। हमारे मोहल्ले में जमीन खरीदे थे। रास्ते के लिए 2 साल से पीछे पड़े हैं। परेशान किया सभी मोहल्ले वालों को उसके बाद मेरा बाउंड्री तुड़वा दिए।

रिश्ते में खान सर के चाचा इमरान ने कहा, "खान सर शिक्षक नहीं माफिया है। बच्चे जो यू ट्यूब पर क्लास कर रहे हैं, उनको धोखा दे रहे है। जिंदगी से खिलवाड़ करते है। गंदी प्रवृत्ति के हैं और अपने सामने किसी को आगे बढ़ नहीं देखना चाहते हैं। वो अपने आप को भगवान समझ रहे हैं। पैसे का घमंड है, वो नटवर लाल हैं, अगर उनकी कोचिंग से 10 बच्चे पास होंगे तो उसको 20 बताता है। फायरिंग कराया होगा उसको सजा मिलनी चाहिए।"

यह भी पढ़ें-

'चीखती रही महिलाएं, लाठी-डंडों से पीटते रहे पुलिसवाले', भागलपुर में आधी रात छापेमारी के दौरान बवाल

कानून के रखवाले ही असुरक्षित: बेगूसराय में ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की बीच सड़क बेरहमी से लात-घूंसों से पिटाई

Live updates : Patna Firing Updates:

  • 1:34 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    अग्रिम जमानत याचिका दायर करेंगे खान सर

    खान सर के वकील अरविंद कुमार मववार ने कहा कि खान सर अग्रिम जमानत याचिका फाइल करेंगे। वह कोर्ट नहीं आए हैं। खान सर के ऊपर आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ है और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

  • 12:51 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं खान सर

    खान सर के ऊपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। वह सरेंडर करने की तैयारी कर रहे हैं। पहले जानकारी आई कि वह सरेंडर करने कोर्ट पहुंच चुके हैं, लेकिन बाद में साफ हुआ कि वह कोर्ट नहीं पहुंचे हैं।

  • 12:17 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    सरेंडर करने सिविल कोर्ट पहुंचे खान सर

    खान सर उर्फ फैजल खान सरेंडर करने सिविल कोर्ट पहुंच चुके हैं। उनके ऊपर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनके दो गार्ड पुलिस हिरासत में हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि खान सर ने उनसे कहा था कि तुम गोली चलाओ बाकी मैं देख लूंगा। इसके बाद गार्ड ने फायरिंग की थी।

  • 9:32 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं खान सर

    खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। ऐसे में उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच खबर आई है कि खान सर खुद ही कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं।

  • 8:45 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    यह दो गुटों की लड़ाई- प्रशांत किशोर

    खान सर के मामले पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह कोचिंग इंस्टीट्यूट चलाने वाले दो गुटों के बीच की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले के जानकार नहीं हैं। इस वजह से किसी को सही या गलत नहीं कहेंगे।

  • 7:06 AM (IST) Posted by Shakti Singh

    पुलिस की छापेमारी तेज

    खान सर की तलाश में पटना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, छात्र उनकी गिरफ्तारी को रोकने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।