भागलपुरः बिहार के भागलपुर में बीती रात नशीले पदार्थ की बरामदगी के लिए छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामला भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र के अंबाबाग का है। जानकारी के मुताबिक, आधी रात बबरगंज पुलिस तीन गाड़ियों से करीब 25 जवानों के साथ नशीले पदार्थों की छापेमारी करने पहुंची थी। मारपीट में घायल हुए लोगों का आरोप है कि पुलिस ने तीन-चार घरों में घुसकर छापेमारी की। जब कुछ नहीं मिला, तो महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने महिलाओं पर डंडे बरसाए, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि महिलाएं चीखती और चिल्लाती रहीं और पुलिस वाले डंडों से उनकी पिटाई करते रहे।
घायलों की पहचान रेखा देवी, रुकड़ी देवी, लाल कुमार, सचिन कुमार, राधा कुमारी, अनु कुमारी, अंजली, आशा किरण देवी, साक्षी कुमारी और राजू देवी के रूप में हुई है। एक महिला के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसका सिर फट गया। वहीं, इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।
ग्रामीणों ने दी ये जानकारी
घायल के परिजन राहुल कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह बबरगंज थाने के चालक अमित कुमार अंबाबाग पहुंचे थे। उन्होंने घर का दरवाजा खोलने को कहा। उस समय घर में महिलाएं स्नान कर रही थीं। हमने उनसे कहा कि यदि छापेमारी करनी है, तो पूरी टीम के साथ आइए। आप सिविल ड्रेस में हैं, ऐसे में हम आपको घर के अंदर कैसे घुसने दें। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। राहुल का आरोप है कि चालक अमित कुमार गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। भीड़ बढ़ती देख अमित कुमार को लगा कि लोग उनके साथ मारपीट कर सकते हैं। इस दौरान वह भागने लगे और गिर गए, जिससे उनके हाथ में हल्की चोट लग गई।
घर का दरवाजा तोड़ने का आरोप
राहुल ने बताया कि कुछ देर बाद अमित कुमार डायल-112 की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, मामला शांत हो गया और दिनभर सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन रात करीब 11 बजे बबरगंज थाना पुलिस तीन गाड़ियों में सवार होकर लगभग 25 जवानों के साथ फिर पहुंची। पुलिस ने घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने का इंतजार किए बिना दूसरे रास्ते से घर में घुसने लगी। आरोप है कि इस दौरान प्रकाश चौधरी और जितेंद्र चौधरी के घर का दरवाजा भी तोड़ दिया गया। पुलिस कई लोगों को पकड़कर अपने साथ ले गई।
कई लोग हिरासत में
इधर, घायल हुए लगभग एक दर्जन लोग रात करीब एक बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल गेट के पास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घायलों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। मामले पर डीएसपी राकेश कुमार ने बताया कि नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम छापेमारी करने गई थी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस का विरोध किया। हालांकि, डीएसपी ने महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने के आरोपों से इनकार किया है।
रिपोर्ट- अमरजीत सिंह