1. Hindi News
  2. बिहार
  3. इंस्टाग्राम पर शुरू हुई लव स्टोरी का दर्दनाक अंत, शादी के 9 महीने में तलाक को लेकर विवाद, पत्नी को जिंदा जलाने के आरोप में पति गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर शुरू हुई लव स्टोरी का दर्दनाक अंत, शादी के 9 महीने में तलाक को लेकर विवाद, पत्नी को जिंदा जलाने के आरोप में पति गिरफ्तार

बिहार के सुपौल में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई लव स्टोरी का शादी के महज नौ महीने बाद दर्दनाक अंत हो गया। तलाक के विवाद में पत्नी दामिनी देवी को पेट्रोल डालकर जलाने के आरोप में पति संजीव कुमार साह गिरफ्तार, इलाज के दौरान पत्नी की मौत।

बिहार सुपौल दामिनी देवी हत्याकांड- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बिहार सुपौल दामिनी देवी हत्याकांड

बिहार के सुपौल में 21 वर्षीय दामिनी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि तलाक को लेकर हुए विवाद में उसके पति संजीव कुमार साह ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसी दामिनी ने रविवार सुबह सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके पिता से भी पूछताछ की गई है। बता दें, इन दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम पर शुरू हुई, दोनों में प्यार हुआ और फिर दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। लेकिन शादी के महज नौ महीने बाद इस रिश्ते का दर्दनाक अंत हो गया। 

इंस्टाग्राम के जरिए हुआ था संपर्क

घटना सुपौल जिले के रतनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सातनपट्टी पंचायत के लालमनपट्टी स्थित सुपौल उपशाखा नहर के पास की है। गंभीर रूप से झुलसी दामिनी ने सदर अस्पताल,सुपौल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, संजीव साह और दामिनी कुमारी के बीच करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क हुआ था। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद करीब नौ महीने पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। बताया जाता है कि शादी के बाद दामिनी एक बार संजीव के घर गई थी, लेकिन एक दिन बाद ही वापस लौट गई। संजीव भी कभी-कभी ससुराल जाता था। इसी बीच दोनों के रिश्ते में विवाद बढ़ने लगा।

तलाक लेना चाहता था पति

पुलिस के मुताबिक, संजीव तलाक लेना चाहता था, लेकिन दामिनी इसके लिए तैयार नहीं थी। आरोपी के बयान के मुताबिक,उसने मुजफ्फरपुर में तलाक की प्रक्रिया के लिए अर्जी दी थी। उसका दावा है कि दामिनी कागजों पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार नहीं थी। पुलिस के अनुसार,दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद चल रहा था। अब पुलिस इस विवाद और हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

सुनसान जगह पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा पत्नी को जलाया

पुलिस के सामने दिए गए बयान में आरोपी संजीव ने घटना से पहले की गतिविधियों का खुलासा किया है। उसके मुताबिक, दामिनी शनिवार शाम करीब आठ बजे भपटियाही चौक पहुंची थी। वहां उसने पत्नी को खाना खिलाया। इसके बाद वह बाइक से पूर्वी कोसी तटबंध की बॉर्डर रोड पर स्थित एक दुकान से पेट्रोल की बोतल खरीदकर लाया और उसे दामिनी के प्लास्टिक के थैले में रख दिया। इसके बाद वह दामिनी को कोसी बांध से करीब 17 किलोमीटर आगे बायसी रोड की ओर ले गया। आरोप है कि रात करीब 10 बजे लालमनपट्टी नहर के पास सुनसान जगह पर उसने दामिनी के शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी और वहां से फरार हो गया।

कानूनी कार्रवाई की जा रही है

वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार एसडीपीओ के मुताबिक,घटनास्थल से पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, इंस्टाग्राम से शुरू हुए इस रिश्ते के दर्दनाक अंत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस शादी की शुरुआत प्यार से हुई थी,उसका अंत एक युवती की मौत के साथ हुआ। अब पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया से यह स्पष्ट होगा कि इस खौफनाक वारदात की पूरी सच्चाई क्या है।

सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट

ये भी पढ़ेंः

Bihar MLC Election Results: बिहार में बड़ी फेरबदल, शिक्षक सीट पर सभी सिटिंग कैंडिडेट हारे, BJP के लिए झटका क्यों

'कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां', जेडीयू के नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर कसा तंज