1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां', जेडीयू के नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर कसा तंज

'कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां', जेडीयू के नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर कसा तंज

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 28, 2026 09:38 am IST,  Updated : Oct 28, 2026 11:12 am IST

पटना स्नातक सीट पर जनता दल यूनाइटेड के नीरज कुमार ने जीत का दावा किया है। इसके साथ ही उन्होंने अनंत सिंह की जुबान में ही उन पर तंज कसते हुए कहा-'कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां'।

neeraj kumar, anant singh- India TV Hindi
नीरज कुमार, अनंत सिंह Image Source : ANI/REPORTER INPUT

पटना स्नातक सीट पर जनता दल के उम्मीदवार नीरज कुमार ने चुनाव जीतने का दावा किया है। हालांकि अभी औपचारिक ऐलान बाकी है। इस जीत के बाद नीरज कुमार ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि हमने जनबल और कार्यकर्ता बल के सामने धनबल और बाहुबल को झुका दिया। वहीं जब नीरज कुमार से यह सवाल किया गया कि जो मिठाइयां विरोधियों ने बनाई उनका क्या होगा? इस पर तंज कसते हुए नीरज कुमार ने कहा-'कहां है रे गुंजन.. ले जो मिठाइयां।'

अनंत सिंह ने अनुज की जीत का किया था दावा

दरअसल, काउंटिंग से पहले ही अनंत सिंह के आवास पर मिठाइयां  बननी शुरू हो गई थी। बड़े पैमाने पर कार्यकर्ता भी जुटे हुए थे और यह कहा जा रहा था कि जनसुराज के उम्मीदवार अनुज भारी मतों से जीतेंगे, इसी खुशी में मिठाइयां बन रही हैं। खुद अनंत सिंह ने भी दावा किया था कि चुनाव में जनसुराज के अनुज भारी मतों से जीतेंगे। इस जीत का उन्हें पक्का विश्वास है इसलिए काउंटिंग शुरू होने के पहले से ही मिठाइयां बन रही हैं।

पार्टी की भी सुने अनंत, 6 साल के लिए निष्कासित

बता दें कि इस चुनाव में अनंत सिंह खुलकर पार्टी के खिलाफ मैदान में उतर गए। उन्हों समझाने की काफी कोशिशें पार्टी की ओर से की गईं लेकिन अनंत नहीं माने और जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर दिया। वे खुलकर अनुज सिंह का प्रचार करने लगे। अनंत सिंह एक बड़े काफिले के साथ अनुज सिंह के नामांकन में भी शामिल हुए। अनंत को समझाने की कोशिशें जारी रहीं। एमएलसी चुनाव की वोटिंग के बाद जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया।

पार्टी से निकाले जाने के बाद क्या बोले थे अनंत सिंह?

बता दें कि पार्टी से निकाले जाने के बाद अपने पहले रिएक्शन में उन्होंने पार्टी पर जमकर निशाना साधा था। अनंत सिंह ने कहा था कि उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। अनंत सिंह ने दावा किया था कि जेडीयू अगले चुनाव में 10 सीटों तक सिमट कर रह जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के बाद अब पार्टी खत्म हो चुकी है। जिन लोगों ने उन्हें पार्टी से निकाला है, उनकी हैसियत का पता भी आने वाले चुनाव में चल जाएगा। अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ही उन्हें लेकर पार्टी में आए थे लेकिन उनके बाद अब पार्टी में कुछ नहीं बचा। पार्टी पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। नीतीश कुमार की तबीयत ठीक नहीं रहती है।

ये भी पढ़ें:

अनंत सिंह और जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला, 3 FIR दर्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।