1. Hindi News
  2. बिहार
  3. रक्सौल में पाकिस्तानी एजेंट को मोबाइल डेटा देने के आरोप में 2 गिरफ्तार, फोन में मिले सबूत

रक्सौल में पाकिस्तानी एजेंट को मोबाइल डेटा देने के आरोप में 2 गिरफ्तार, फोन में मिले सबूत

 Published : Oct 27, 2026 09:31 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 09:31 pm IST

बिहार के सीमावर्ती शहर रक्सौल में सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में एक बड़े देशविरोधी और साइबर क्राइम नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। विजयवाड़ा पुलिस और रक्सौल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पाकिस्तानी एजेंट को भारतीय मोबाइल नंबरों के ओटीपी उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल फोन

रक्सौल में पाकिस्तानी एजेंट को मोबाइल डेटा देने के आरोप में 2 गिरफ्तार, फोन में मिले सबूत - India TV Hindi
रक्सौल में पाकिस्तानी एजेंट को मोबाइल डेटा देने के आरोप में 2 गिरफ्तार, फोन में मिले सबूत Image Source : INDIA TV

भारत विरोधी गतिविधियों और कथित साइबर जासूसी से जुड़े मामले में आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने रक्सौल पुलिस के सहयोग से 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पाकिस्तानी एजेंट को भारतीय मोबाइल नंबरों के ओटीपी उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल फोन और डेटा मुहैया कराने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इसके बदले संबंधित युवकों को पाकिस्तानी एजेंट की ओर से मोटी रकम दी जा रही थी। मामले में 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। विजयवाड़ा पुलिस इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।

रक्सौल थाना की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विजयवाड़ा पुलिस कांड संख्या 01/2026 की जांच के क्रम में आंध्र प्रदेश पुलिस ने रक्सौल क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा पाकिस्तानी एजेंट को भारतीय मोबाइल नंबरों का ओटीपी आधारित कूपन-अप तैयार करने के लिए भेजे जाने की सूचना दी थी। आरोप है कि इन ओटीपी के माध्यम से भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था और देश की संप्रभुता, अखंडता एवं सुरक्षा के विरुद्ध जासूसी संबंधी कार्य किए जा रहे थे।

छापेमारी में दो युवक गिरफ्तार

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए विजयवाड़ा पुलिस तथा रक्सौल पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने रक्सौल थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 2 युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रक्सौल थाना क्षेत्र के नागा रोड, वार्ड संख्या 11 निवासी आदित्य पाण्डेय (करीब 23 वर्ष), पिता बलिराम पाण्डेय, तथा मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र निवासी और वर्तमान में रक्सौल थाना क्षेत्र के नोनियाडीह में रह रहे राजा कुमार (करीब 24 वर्ष), पिता सुरेश साह के रूप में हुई है। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, दोनों आरोपियों को पाकिस्तानी एजेंट द्वारा उपलब्ध कराए गए ओटीपी के लिए मोबाइल और अन्य संसाधन मुहैया कराने तथा इसके बदले रुपये प्राप्त करने के मामले में पकड़ा गया है। हालांकि, कथित लेनदेन की कुल राशि, ओटीपी का इस्तेमाल किन डिजिटल सेवाओं में हुआ और इस नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

एएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई
संयुक्त छापेमारी दल में रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, रक्सौल थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार महतो तथा थाना के पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार, रवि कुमार, दीपक कुमार गिरि और प्रेम कुंवर साह शामिल थे। कार्रवाई में विजयवाड़ा पुलिस की टीम ने भी भाग लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई विजयवाड़ा पुलिस द्वारा की जा रही है। मामले की जांच में कथित पाकिस्तानी एजेंट से संपर्क, ओटीपी उपलब्ध कराने के तरीके, आर्थिक लेनदेन और संभावित अन्य सहयोगियों की भूमिका अहम होगी।

(Report- खुशबू )

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।