1. Hindi News
  2. बिहार
  3. औरंगाबाद के कुटुंबा में नाबालिग से गैंगरेप, अपहरण कर कार में ले गए थे आरोपी, 2 गिरफ्तार

औरंगाबाद के कुटुंबा में नाबालिग से गैंगरेप, अपहरण कर कार में ले गए थे आरोपी, 2 गिरफ्तार

औरंगाबाद में 15 साल की बच्ची का अपहरण कर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के साथ 3 लोगों ने घटना को अंजाम दिया, जिसमें से 2 आपोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार के औरंगाबाद में नाबालिग से गैंगरेप- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC बिहार के औरंगाबाद में नाबालिग से गैंगरेप

बिहार में औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के एक 15 साल की नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। बच्ची का पहले अपहरण किया गया और फिर इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता 7वीं कक्षा की छात्रा है। पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है। पीड़िता को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

पीड़िता बच्ची 4 भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। घटना के दिन पिता मजदूरी के लिए गए हुए थे। पीड़िता की मां छोटे भाई को लेकर अस्पताल गई थी। इस कारण पीड़िता को अकेले ही कुटुंबा अस्पताल जाना पड़ रहा था। वह पिछले 2-3 दिन से बुखार से पीड़ित थी।

किडनैप कर कार में किया गैंगरेप 

पीड़िता के अनुसार वह घर से पैदल कुटुंबा अस्पताल के लिए निकली थी। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पहुंचते ही पीछे से एक कार आई। कार में तीन लड़के सवार थे। आरोपियों ने कार रोककर पूछा कि कहां जा रही हो। पीड़िता ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह इलाज के लिए कुटुंबा अस्पताल जा रही है। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और उसका मुंह बंद कर दिया ताकि वह शोर न मचा सके। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।

रेप के बाद हत्या की थी योजना

पुलिस को जब पीड़िता ने पूरी कहानी और घटनास्थल बताया, तब पता चला कि आरोपी उसे करीब 35 किलोमीटर दूर ले गए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी अंबा बाजार से एनएच 139 होते हुए शंकरपुर आरओबी के पास धावा गांव जाने वाले रास्ते तक गए, जहां वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और यौन हिंसा की। जब उसे हत्या की योजना के बारे में बातचीत सुनाई दी तो उसने आरोपियों से जान बख्शने की गुहार लगाई।

पुलिस में दर्द कराई FIR

इसके बाद आरोपी उसे कार से घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले छोड़कर फरार हो गए। जाते वक्त उन्होंने उसका फोन भी वापस कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने अपने दादा-दादी को कॉल कर बुलाया और घर पहुंचकर पूरी घटना बताई। सोमवार को पीड़िता माता-पिता के साथ कुटुंबा थाने गई और आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई।

ऑडियो होने का दावा

पीड़िता के परिजनों ने एक ऑडियो भी पुलिस को दिया है। परिजनों का दावा है कि यह ऑडियो कार में पीड़िता के फोन से रिकॉर्ड हुआ है। ऑडियो में तेज आवाज में भोजपुरी गाना बजता सुनाई दे रहा है और इसी दौरान एक आरोपी कई लड़कियों को शिकार बनाने की बात कहने का दावा किया गया है। पुलिस ऑडियो की जांच कर रही है। 

मामले में SIT का गठन, 2 आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी के बाद औरंगाबाद एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर SDPO सदर-1 आदित्य कुमार के नेतृत्व में SIT टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने तीन  त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन में से दो आरोपियों को उनके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

उपेंद्र नाथ वर्मा एसपी

इनपुट: (किशोर प्रियदर्शी, औरंगाबाद)