1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गोपालगंज में खुद के अपहरण की रची साजिश, परिवार से मांगे 2 लाख, पुलिस ने खोला पूरा राज, युवक गिरफ्तार

गोपालगंज में खुद के अपहरण की रची साजिश, परिवार से मांगे 2 लाख, पुलिस ने खोला पूरा राज, युवक गिरफ्तार

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 02, 2026 11:40 pm IST,  Updated : Sep 02, 2026 11:46 pm IST

पुलिस की टीम को युवक के जंगल में छिपे होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने अलग से एक टीम का गठन करते हुए छानबीन की और उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे अपहरण की साजिश का खुलासा भी किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर खुद के अपहरण की साजिश रची और अपने ही परिवार से 2 लाख रुपये की फिरौती मांगने लगा। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पूरा मामला ही पलट गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवक को बरामद कर लिया। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

दरअसल, मंगलवार को श्रीपुर थाना क्षेत्र से छोटेलाल सिंह के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली थी। बताया गया कि फुलवरिया थाना क्षेत्र के मिश्र बतरहा बाजार से छोटेलाल सिंह का अपहरण कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीपुर थानाध्यक्ष ने तत्काल आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी सीनियर अधिकारियों को दी।

बनाई गई विशेष टीम

एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज एसपी के निर्देश पर हथुआ एसडीपीओ, श्रीपुर थानाध्यक्ष और डीआईयू टीम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू की। पुलिस लगातार कथित अपहृत युवक की तलाश में जुटी रही।

युवक के जंगल में छिपे होने की मिली जानकारी 

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कथित अपहृत व्यक्ति श्रीपुर थाना क्षेत्र के एक जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और छोटेलाल सिंह को मोबाइल फोन के साथ बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई कि छोटेलाल सिंह ने कथित तौर पर खुद के अपहरण की कहानी रची थी।

पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा

बताया गया कि उसके द्वारा अपने परिजनों से दो लाख रुपये की राशि की मांग की जा रही थी। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए छोटेलाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया।

पुलिस को भी किया गया गुमराह

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार छोटेलाल सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि झूठे आपराधिक मामले दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने या पुलिस संसाधनों का अनावश्यक इस्तेमाल कराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद खुद के अपहरण की कहानी का कथित राज सामने आ गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

पटना के बाढ़ में शराब में जहर देकर 4 युवकों की हत्या, प्रेम प्रसंग का मामला, 3 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।