1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुंगेर: इंटर की परीक्षा देने आया अंकेश 3 दिन से लापता, कमरे में मिला मोबाइल और बैग

मुंगेर: इंटर की परीक्षा देने आया अंकेश 3 दिन से लापता, कमरे में मिला मोबाइल और बैग

अंकेश 1 फरवरी को मुंगेर स्थित मॉडल स्कूल में इंटर की परीक्षा देने आया था। वह पहली पाली की परीक्षा देने के बाद परीक्षा केंद्र से बाहर निकला, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा।

munger missing student- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT इंटर का छात्र अंकेश लापता।

मुंगेर के शास्त्री नगर इलाके से इंटर का परीक्षार्थी 3 दिनों से लापता है। अंकेश यादव 1 फरवरी को परीक्षा देने आया था और 2 फरवरी को दिन के लगभग डेढ़ बजे से लापता है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द अंकेश को खोज निकालने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने अंकेश के दोस्त पर अपहरण का आरोप भी लगाया है। परिजनों ने कासिम बाजार थाना में मामला दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

क्या है पूरा मामला?

टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के रुपौहुआ गांव निवासी राधेश्याम यादव का सबसे छोटा पुत्र अंकेश 1 फरवरी को मुंगेर स्थित मॉडल स्कूल में इंटर की परीक्षा देने आया था। वह पहली पाली की परीक्षा देने के बाद परीक्षा केंद्र से बाहर निकला, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। वह कासिम बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर इलाके में धर्मवीर पासवान के मकान में एक कमरा लेकर रह रहा था। 2 फरवरी को मॉडल इंटर महाविद्यालय में जीवविज्ञान की परीक्षा देने के बाद वह अपने कमरे पर आया। इसके बाद उसने खाना खाया और अपने पिता से फोन पर बात की।

इसके बाद अपने फुफेर भाई से भी ऑडियो-वीडियो कॉल पर बात करने के बाद वह दिन के लगभग डेढ़ बजे अपने कमरे से निकला और फिर लापता हो गया। परिजनों ने जब दोबारा अंकेश के फोन पर कॉल किया तो उसका फोन बंद पाया। परिजनों ने मकान मालिक धर्मवीर पासवान को फोन करके बताया कि उनके बेटे का फोन बंद आ रहा है।

रूम में मिला मोबाइल और कपड़ों का बैग

इस सूचना के बाद जब मकान मालिक अंकेश के रूम पर गया तो देखा कि उसका मोबाइल और कपड़ों का बैग कमरे ही रखा हुआ है। लेकिन उसका कहीं कोई अता पता नहीं है। इस बात की सूचना मकान मालिक ने अंकेश के पिता राधेश्याम यादव को दी।

CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

राधेश्याम ने अपने बेटे को आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के यहां ढूंढा। लेकिन जब कहीं भी उसकी खोज खबर नहीं मिली तो परिजनों ने इस बात कि सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले को खंगालने में जुट गई है। वहीं, अंकेश के पिता राधेश्याम यादव उसके मित्र पर बेटे के अपहरण का आरोप लगा रहे है। इस मामले मुंगेर एस पी सैय्यद इमरान मसूद ने कहा कि SIT टीम का गठन किया गया है और पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और साथ ही CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

(रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान)

यह भी पढ़ें-

पत्नी के रहते साली से दूसरी शादी, 5 बच्चे, सभी साथ! 3 सगी बहनों के सुसाइड केस में रिश्तों का सच अब खुला