1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में हथियार लहराते युवक की फोटो वायरल, तस्वीर और अकाउंट की जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर में हथियार लहराते युवक की फोटो वायरल, तस्वीर और अकाउंट की जांच में जुटी पुलिस

मनियारी थाना क्षेत्र में एक युवक की पिस्टल के साथ तस्वीर वायरल हो रही है। युवक की ये तस्वीर Official_Giri_Anish के अकाउंट से शेयर की कई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मुजफ्फरपुर में बंदूक लेकर युवक की तस्वीर वायरल- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मुजफ्फरपुर में बंदूक लेकर युवक की तस्वीर वायरल

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में एक युवक की हथियार के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। वायरल फोटो को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर को लेकर स्थानीय लोगों और नेटिजन्स के बीच कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये तस्वीर मनियारी थाना क्षेत्र के मारीपुर इलाके की है। वायरल फोटो में एक युवक हाथ में पिस्टल लिए दिख रहा है और बेखौफ अंदाज में पोज दे रहा है। तस्वीर सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया, हालांकि वायरल तस्वीर की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। 

हाथ में पिस्टल लिए युवक की तस्वीर वायरल 

पुलिस तकनीकी सेल और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही सूचनाओं के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तस्वीर में दिख रहा हथियार असली है या फिर कोई खिलौना, लाइटर या कोई डमी नकली हथियार है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मनियारी थाना पुलिस ने वायरल पोस्ट का संज्ञान लिया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने या समाज में भय का माहौल पैदा करने वाले किसी भी एक्शन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन युवक की पहचान, फोटो का सोर्स और वायरल होने के कारणों की जांच की जा रही है। मनियारी थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।ट

बिहार में हथियार का खेल

आपको बता दें इससे पहले भी बिहार में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। गया जिले के बेलागंज प्रखंड के चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार यादव का कथित तौर पर हथियार के साथ वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में मुखिया जितेंद्र कुमार यादव पिस्टल के साथ पोज दे रहे थे और पिस्टल को हाथ में लेकर घूम रहे थे। इससे पहले एक महिला का पिस्टल लेकर फोटो भी सामने आया था। इस तरह हथियार रखना और उसे सरेआम दिखाना कानूनी अपराध है। पुलिस ऐसे मामलों में गंभीरता से संज्ञान ले रही है। 

इनपुट: संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर