A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: फ्लाईओवर पर धू-धूकर जल गई कार, बाल-बाल बचे चाचा-भतीजा, टाइल्स पर हनुमान चालीसा लिखवाकर लौट रहे थे घर

VIDEO: फ्लाईओवर पर धू-धूकर जल गई कार, बाल-बाल बचे चाचा-भतीजा, टाइल्स पर हनुमान चालीसा लिखवाकर लौट रहे थे घर

बिहार के मुजफ्फरपुर में चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धू-धूकर कार जलने लगी। कार सवार मुश्किल से बाहर निकल पाए।

चलती कार में लगी आग- India TV Hindi
चलती कार में लगी आग

बिहार के मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह खाक हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार दो लोग समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहे और बाल-बाल बच गए।

यह घटना चांदनी चौक फ्लाईओवर पर हुई, जिसके चलते पुल पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आस-पास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

कार में कैसे लगी आग?

मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक सुरेश के अलावा चाचा-भतीजा, पवन और गौरव सवार थे। वे बैरिया से टाइल्स पर हनुमान चालीसा लिखवाकर और पूजा सामग्री खरीदकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार चांदनी चौक फ्लाईओवर पर पहुंची, कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं। गौरव ने बताया कि वे अपने चाचा पवन के साथ घर लौट रहे थे, इस दौरान अचानक गाड़ी में आग लग गई।

मौके पर पहुंची डीएसपी विनीता सिन्हा ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि दमकल की गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया है। कार ड्राइवर सहित तीनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ट्रैफिक हुई बाधित, मौके पर जुटी भीड़

कार में आग लगने के बाद पुल पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गई। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

इजरायल-ईरान और कांगो-रवांडा के बाद अब ट्रंप ने किया गाजा 'युद्ध विराम" समझौते का आह्वान, जानें पूरा ब्यौरा

साहिबा बानो से बनी खुशी तिवारी, शादी के लिए इंद्र कुमार को जबलपुर से बुलाया कुशीनगर, फिर करा दिया मर्डर