उत्तर प्रदेश की कुशीनगर पुलिस ने शव को खोजने के बाद चौंकाने वाला खुलासा किया है। कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली में बीते 6 जून को हाईवे के किनारे झाड़ियों में हत्या कर लाश फेंकी गई थी। पुलिस ने इस शव की पहचान कर ली है। युवक का शव मिलने के बाद सनसनीखेज सच्चाई सामने आई है।
खुशी तिवारी के बुलाने पर आया था
झाड़ियों में पड़ा मृतक युवक मध्य प्रदेश के जबलपुर का रहने वाला इंद्र कुमार तिवारी है। जो शादी करने के लिए अपने घर जबलपुर से यहां आया था। अपने परिजनों को उसने बताया था कि कुशीनगर में खुशी नाम की महिला से वह विवाह करने जा रहा है। यहां वह खुशी तिवारी के बुलाने पर आया था।
जबलपुर में दर्ज की गई गुमशुदगी की रिपोर्ट
कुछ दिन बाद उसका शव हाटा कोतवाली क्षेत्र में मिला था। पुलिस ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा सामने आया। पुलिस ने कहा कि NH-28 की झाड़ियों में पड़े मिले युवक के शव की पहचान करने में पुलिस का सेंट्रल पोर्टल मददगार साबित हुआ है। इसी पोर्टल के माध्यम से मध्य प्रदेश की जबलपुर पुलिस हाटा कोतवाली पहुंची। लाश की पहचान की गई। जबलपुर पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज की थी।
शरीर पर चाकू के कई निशान
हाइवे के किनारे झाड़ियों में युवक की खून से सनी लाश मिली थी। इसके शरीर पर चाकू से वार किए गए थे। गले में चाकू फंसा था। बकरी चराने वाली महिलाओं ने लाश को देखा था। सूचना पर आई पुलिस ने लाश को कब्जे में लिया और इसकी पहचान के लिए गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर जिले के पुलिस से भी संपर्क किया था, लेकिन पता नहीं चल सका।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला
हाईवे के किनारे दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने खंगाला, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस की ओर से संचालित सेंट्रल पोर्टल बनाया गया है, इस पर अज्ञात मिले लाश का फोटो, हुलिया और कपड़े का रंग समेत शरीर पर बने निशान को अपलोड किया जाता है।
परिजनों ने शव की शिनाख्त की
हाटा पुलिस ने लाश का डिटेल अपलोड किया तो मध्य प्रदेश के जबलपुर पुलिस लाश का हुलिया देख हाटा कोतवाली में पहुंची और इसकी शिनाख्त परिजनों की मदद से किया। युवक नाम इंद्र कुमार तिवारी है। वह मझौली थाना जबलपुर का रहने वाला था।
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के पास पहुंचा था इंद्र कुमार
दअरसल, मृतक इंद्र कुमार तिवारी ने प्रख्यात कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से अपनी शादी के लिए सवाल किया था। उनका कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से अपनी शादी के लिए की गई बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी के बाद वह जालसाजों के रडार पर आ गए थे।
शादी के लिए जाल में फंसाया
पुलिस खुलासे के अनुसार, कुशीनगर की रहने वाले जालसाजों ने इंद्र कुमार तिवारी को अपने जाल में फंसाया। इस योजना के तहत सबसे पहले साहिबा नामक मुस्लिम महिला ने खुशी तिवारी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया। इसके बाद जालसाजों ने इंद्र कुमार तिवारी से संपर्क साधा।
साहिबा बानो से बनी खुशी तिवारी
खुशी तिवारी बनी साहिबा ने इंद्र कुमार से संपर्क करके विवाह का प्रस्ताव रखा। इंद्र कुमार तिवारी जालसाजों के बुने जाल में फंस गए और वह खुशी तिवारी बनी साहिबा के साथ विवाह करने के लिए राजी हो गए। उन्होंने अपने परिजनों को खुशी नाम की महिला के साथ शादी करने की बात बताई और अपने साथ जेवरात और कैश लेकर गोरखपुर आग गए। जहां जालसाजों ने उन्हें रिसीव किया।
लूट के बाद की गई हत्या
इसके बाद 6 जून को उनका शव कुशीनगर जिले हाटा कोतवाली क्षेत्र में NH 28 के किनारे झाड़ियों में मिला। यह आशंका जताई जा रही है कि इंद्र कुमार को लूटने के बाद जालसाजों ने उनकी हत्या करके उन्हें कुशीनगर जिले में लाकर फेंक दिया।
खंगाली जाएगी कॉल डिटेल
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि इस घटना की जांच कर रही पुलिस जल्द घटना का पूरा पर्दाफाश करेगी। युवक के कॉल डिटेल निकलकर पुलिस इस घटना में शामिल हर व्यक्ति को गिरफ्तार करेगी।
रिपोर्ट- उदय सिंह