1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बागपत में पत्नी पर प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या का आरोप, शराब में नशीली गोलियां मिलाईं, टूटी बोतल से किए वार

बागपत में पत्नी पर प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या का आरोप, शराब में नशीली गोलियां मिलाईं, टूटी बोतल से किए वार

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 21, 2026 10:53 pm IST,  Updated : Oct 21, 2026 10:53 pm IST

यूपी के बागपत में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने पत्नी उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी का प्रेमी भी पकड़ा गया है।

Baghpat- India TV Hindi
आरोपी पत्नी और उसका प्रेमी Image Source : REPORTER INPUT

बागपत: मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड और सांप के जहर से हत्या के मामलों ने देशभर में सनसनी फैलाई थी। अब बागपत के कोताना गांव में पति की हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोप है कि पहले शराब में नशीली गोलियां मिलाकर पति को पिलाई गईं, फिर खाली बोतल और उसके टूटे कांच से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। पुलिस ने पत्नी उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कथित प्रेमी सिकंदर उर्फ कालू पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा गया।

दुकान पर काम करते हुए शुरू हुआ कथित प्रेम प्रसंग

सीओ बड़ौत अंशु जैन के अनुसार, "सिकंदर कोताना गांव में प्रमोद उर्फ मोगली की दुकान किराये पर लेकर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान प्रमोद की पत्नी उर्मिला से हुई और दोनों के बीच कथित प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। पुलिस का दावा है कि करीब डेढ़ से दो साल से दोनों चोरी-छिपे मिलते थे। प्रमोद के बेटे को इसकी भनक लगी तो सिकंदर ने घर आना बंद कर दिया, लेकिन फोन पर बातचीत जारी रही।"

पुलिस की जांच के मुताबिक, "दोनों देहरादून जाकर साथ रहने की योजना बना रहे थे। आरोप है कि पति को रास्ते से हटाने के लिए 18 अक्टूबर को साजिश को अंजाम दिया गया। उर्मिला ने कथित तौर पर सिकंदर को नशीली गोलियां दीं और उन्हें शराब में मिलाकर प्रमोद को पिलाने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक, सिकंदर प्रमोद को शराब का क्वार्टर देकर प्राथमिक विद्यालय के पास से अपने ट्यूबवेल पर ले गया। वहां शराब में नशीली गोलियां मिलाकर उसे पिलाई गईं। आरोप है कि प्रमोद के विरोध करने पर सिकंदर ने खाली बोतल से उसके सिर पर तीन-चार वार किए। बोतल टूटने के बाद उसके कांच से भी हमला किया गया। इसके बाद घायल प्रमोद को गन्ने के खेत में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।"

हत्या के बाद रामलीला देखने पहुंचा आरोपी

पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद सिकंदर रामलीला देखने चला गया। इसी दौरान उर्मिला ने व्हाट्सएप संदेश भेजकर कथित तौर पर योजना पूरी होने के बारे में पूछा। पुलिस के अनुसार, सिकंदर ने संदेश के जरिए हत्या की पुष्टि की और बातचीत के कुछ स्क्रीनशॉट अपने मोबाइल में सुरक्षित रखे। मंगलवार रात लुहारी गांव के जंगल में घेराबंदी के दौरान पुलिस के मुताबिक, सिकंदर ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद करने का दावा किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।" (रिपोर्ट-पारस जैन)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।