1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. नालासोपारा में मामूली विवाद को लेकर नाबालिगों के बीच हुई मारपीट, सिर में चोट लगने से एक नाबालिग की मौत

नालासोपारा में मामूली विवाद को लेकर नाबालिगों के बीच हुई मारपीट, सिर में चोट लगने से एक नाबालिग की मौत

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 18, 2026 01:58 pm IST,  Updated : Oct 18, 2026 01:58 pm IST

महाराष्ट्र के नालासोपारा इलाके में दो नाबालिगों के बीच कैफे में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में एक नाबालिग के सिर में चोट लग गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है।

मारपीट में नाबालिग की हुई मौत।- India TV Hindi
मारपीट में नाबालिग की हुई मौत। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के नालासोपारा इलाके में एक नाबालिग की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां एक कैफे में दो नाबालिगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते हुए देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोपी नाबालिग ने पीड़ित के चेहरे, छाती और पेट पर मुक्कों से बेरहमी से हमला किया। इसी दौरान उसने पीड़ित को जबरन धक्का देकर फुटपाथ पर गिरा दिया, जिससे पीड़ित के सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग आरोपी को नोटिस जारी कर अभिभावकों को सुपुर्द कर दिया है।

दो नाबालिगों के बीच हुई मारपीट

दरअसल, नालासोपारा पूर्व स्थित ‘बैठक कैफे’ के बाहर मामूली विवाद को लेकर 17 वर्षीय नाबालिग की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में आचोले पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे नालासोपारा स्थित ‘बैठक कैफे’ के सामने 17 वर्षीय मृतक नाबालिग और 16 वर्षीय आरोपी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर मृतक के चेहरे, छाती और पेट पर मुक्कों से बेरहमी से हमला करना शुरू कर दिया।

सिर में चोट लगने से हुई मौत

इसी दौरान आरोपी ने मृतक की गर्दन को अपनी बाईं बगल में कसकर दबा लिया और उसे जबरन फुटपाथ पर धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इस मारपीट में नाबालिग के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए नालासोपारा के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नोटिस देकर नाबालिग को अभिभावकों को सौंपा

शुरुआत में इस मामले में आचोले पुलिस स्टेशन में केवल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन पुलिस की गहन पूछताछ और जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि नाबालिग की हत्या हुई थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी भी नाबालिग है और विधि से संघर्षरत बालक की श्रेणी में आता है। इसलिए उसे उसके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही, नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उपस्थित रहने का नोटिस भी जारी किया गया है। (इनपुट- हनीफ)

यह भी पढ़ें-

महिला ने पति के साथ मिलकर की प्रेमी की हत्या, बोरे में भरकर नहर में फेंका शव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।