1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के घायलों से मिले अमित शाह, पूजा समिति के सचिव-उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के घायलों से मिले अमित शाह, पूजा समिति के सचिव-उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 18, 2026 10:44 am IST,  Updated : Oct 18, 2026 11:28 am IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपोलो अस्पताल पहुंचकर चोरबागान दुर्गा पंडाल हादसे के घायलों से मुलाकात की। उनके साथ सीएम शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे।

Amit shah- India TV Hindi
अमित शाह Image Source : ANI

कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता के कालीघाट में दुर्गा मंदिर में दर्शन के बाद चोरबागान दुर्गा पंडाल हादसे के पीड़ितों से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलकर उनका हाल जाना। चोरबागान दुर्गा पंडाल में मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले अमित शाह ने कालीघाट स्थित दुर्गा मंदिर में दर्शन किए। वहीं, भगदड़ के मामले में पुलिस ने पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार लोगों में पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष के अलावा बांस का ढांचा बनाने, भीड़ नियंत्रित करने, VIP पास की जांच करने और निजी सुरक्षा व्यवस्था संभालने से जुड़े लोग शामिल हैं। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज कुमार सेवड़ा उर्फ राजा (48), शांतनु दुबे (55), बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय (48), कौशिक साहा (53), पिंटू डे (51), सुमन चक्रवर्ती (30) और राजेश पाल (29) के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राज कुमार सेवड़ा उर्फ राजा : चोरबागान पूजा समिति के सचिव।
  2. शांतनु दुबे : पूजा समिति के उपाध्यक्ष।
  3. बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय: पंडाल के बांस के ढांचे के निर्माण से जुड़े।
  4. कौशिक साहा: भीड़ नियंत्रण और VIP पास की जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
  5. पिंटू डे : भीड़ नियंत्रित करने के काम में लगे थे।
  6. सुमन चक्रवर्ती : निजी सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी।
  7. राजेश पाल : निजी सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी।

बारिश के बीच मची थी भगदड़

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अचानक बारिश शुरू होने के बाद लोग बचने के लिए पंडाल के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एग्जिट गेट के पास भीड़ का दबाव बढ़ गया और मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती इनपुट में प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से सीटी बजाने और माइक पर वीआईपी पास से संबंधित घोषणा किए जाने का भी जिक्र किया गया है। पंडाल के एंट्री और एग्जिट मार्गों की चौड़ाई, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है।

इससे पहले अमित शाह ने रविवार सुबह कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर अपोलो अस्पताल पहुंचे। बता दें कि नॉर्थ कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने इस हादसे के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे।

ये भी पढ़ें:

बारिश, सीटी और माइक पर ऐलान से मची भगदड़? कोलकाता पंडाल हादसे की जांच के आदेश, मुआवजे का ऐलान

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।