1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या, जान बचाकर भाग रही पत्नी की आंख में मारी गोली, नवगछिया में डबल मर्डर

चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या, जान बचाकर भाग रही पत्नी की आंख में मारी गोली, नवगछिया में डबल मर्डर

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Oct 22, 2026 01:25 pm IST,  Updated : Oct 22, 2026 01:41 pm IST

नवगछिया में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां पर चाय का दुकान चलाने वाले एक दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिवार की ढाई साल की एक बच्ची पिछले दो दिन से लापता है।

घटनास्थल पर तैनात पुलिस फोर्स- India TV Hindi
घटनास्थल पर तैनात पुलिस फोर्स Image Source : REPORTER

नवगछिया/भागलपुर। पुलिस जिला नवगछिया के इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के हटिया में गुरुवार की अहले सुबह हथियारबंद अपराधियों ने चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों ने पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

सो रहे पति को मारी गोली 

मिली जानकारी के अनुसार, रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी अपनी दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने वहां पहुंचकर रंजन को गोली मार दी। पति को गोली लगने के बाद किरण देवी जान बचाने के लिए शोर मचाते हुए भागने लगीं। आरोप है कि अपराधियों ने उनका पीछा किया और पकड़ने के बाद उनकी आंख में नजदीक से दो गोलियां मार दीं। दंपती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एएसपी समेत दो थानों की पुलिस पहुंची 

दोहरी हत्या की सूचना मिलने पर इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सैयम रजा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए शवों को ले जाने का विरोध किया। उनकी मांग थी कि पहले हत्यारों की गिरफ्तारी की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए और लापता बच्ची का पता लगाया जाए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।

दो दिन से लापता है ढाई साल की बच्ची 

इस दोहरे हत्याकांड के बीच परिवार की ढाई वर्षीय बच्ची पल्लवी कुमारी के लापता होने का मामला भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्ची मृतक रंजन के भाई की पुत्री है और वह पिछले दो दिनों से लापता है। परिजनों ने बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्ची की तलाश के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। अब उसी परिवार के दो सदस्यों की हत्या के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने बच्ची की सकुशल बरामदगी और दोहरे हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि, बच्ची के लापता होने और दंपती की हत्या के बीच किसी संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच में इन दोनों घटनाओं के संभावित संबंध की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस 

घटना के बाद इस्माईलपुर और गोपालपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। एएसपी सैयम रजा के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अपराधियों की पहचान, हत्या के कारण और घटनाक्रम की कड़ियों का पता लगाने के लिए अनुसंधान किया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में किसी गिरफ्तारी, हत्या के कारण या आरोपियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। पुलिस जांच के निष्कर्ष और लापता बच्ची की बरामदगी पर स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हैं। इससे पहले राजस्थान के डीग जिले जुड़वा भाइयों की हत्या का मामला सामने आया था।

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप

ये भी पढ़ेंः दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान पटना में चाकूबाजी, एक युवक की मौत, सड़क पर प्रतिमा और डीजे ट्रॉली छोड़ भागे लोग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।