1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. "मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं", राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर शशि थरूर का तीखा जवाब

"मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं", राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर शशि थरूर का तीखा जवाब

 Written By: Kajal Kumari
 Published : Oct 22, 2026 10:00 am IST,  Updated : Oct 22, 2026 10:00 am IST

राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर जब केरल में पत्रकारों ने शशि थरूर से सवाल पूछा तो उन्होंने इसका बेहद तीखा जवाब दिया। थरूर ने कहा-मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं। मुझसे ये सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है।

राहुल गांधी की विदेश यात्रा के सवाल पर शशि थरूर का जवाब- India TV Hindi
राहुल गांधी की विदेश यात्रा के सवाल पर शशि थरूर का जवाब Image Source : PTI

Highlights

  • शशि थरूर का तीखा जवाब
  • राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर सवाल
  • भाजपा ने क्या लगाए आरोप

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच, विपक्ष के नेता राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पत्रकारों को तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह "कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हैं"। शशि थरूर उस समय केरल में थे, जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि राहुल गांधी विदेश क्यों गए हैं। इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार करते हुए थरूर ने कहा, "मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं। मुझसे यह सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है कि मैं दिल्ली छोड़कर यहां क्यों आया हूं? हर व्यक्ति की अपनी कुछ जिम्मेदारियां होती हैं। इसलिए, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।"

भाजपा ने क्या लगाए हैं आरोप

राहुल गांधी देश में विपक्ष के चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच चार दिन की वियतनाम यात्रा पर चले गए हैं, जिसकी भाजपा ने कड़ी आलोचना की है। हालांकि भाजपा ने पहले भी उनके विदेश दौरों पर सवाल उठाए हैं और राजनीतिक टकराव के दौरान इनका इस्तेमाल किया है। भाजपा ने आरोप लगाया, दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान झूठ बोल-बोलकर थक जाने के बाद गांधी छुट्टी मनाने चले गए। पार्टी ने X पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें कथित तौर पर गांधी वियतनाम जाने वाली एक फ्लाइट में बैठे दिख रहे हैं। पार्टी ने सवाल किया, "राहुल गांधी के विदेश दौरों का एजेंडा क्या है?"

 

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने गांधी पर सत्ता परिवर्तन की साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि वे "जॉर्ज सोरोस से क्लास लेने" विदेश गए थे।

उन्होंने कहा, "उनके आका, उनके सरगना राहुल गांधी विदेश गए थे ताकि जॉर्ज सोरोस और उनकी कंपनी से यह सीख सकें कि भारत को कैसे बर्बाद किया जाए, सत्ता परिवर्तन कैसे लाया जाए, और उनसे कहाँ चूक हुई... उन्होंने हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन भारत की जनता ने उनका साथ नहीं दिया। अब उनका पूरा ध्यान इस बात पर है कि आगे क्या करना है और इस एजेंडे को कैसे आगे बढ़ाना है, ताकि भारत बर्बादी की कगार पर पहुँच जाए और यहाँ सत्ता परिवर्तन हो सके।"

भाजपा के आरोप का कांग्रेस ने दिया जवाब

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वे विदेश छुट्टियां मनाने गए हैं या अपने  अराजकता फैलाने वाले साथियों से मिलने। इस सवाल पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि उनकी भी कुछ जिम्मेदारियां हैं। उन्होंने कहा, "क्या बाकी लोग इस तरह विदेश यात्रा नहीं करते? राहुल गांधी एक व्यक्ति हैं, विपक्ष के नेता हैं; उनकी कुछ जिम्मेदारियां हैं। वे येल यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत करते हैं, लंदन में छात्रों से मिलते हैं और वहां के बुद्धिजीवियों से चर्चा करते हैं। वे प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं - एक ऐसा काम जो प्रधानमंत्री नहीं करते। तो फिर, बीजेपी को इससे क्या दिक्कत है?"

ये भी पढ़ें:
'इंडिया' गठबंधन के नेताओं की आज वर्चुअली बड़ी बैठक, 'वोट चोरी' के खिलाफ आगे की रणनीति पर होगी चर्चा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।