1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं की आज वर्चुअली बड़ी बैठक, 'वोट चोरी' के खिलाफ आगे की रणनीति पर होगी चर्चा

'इंडिया' गठबंधन के नेताओं की आज वर्चुअली बड़ी बैठक, 'वोट चोरी' के खिलाफ आगे की रणनीति पर होगी चर्चा

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 22, 2026 07:19 am IST,  Updated : Oct 22, 2026 08:13 am IST

इंडिया गठबंधन के वर्चुअली बैठक की अध्यक्षता मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। इस बैठक में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का दबाव और 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन की होने वाली रैली को लेकर प्लान तैयार किया जाएगा।

इंडिया गठबंधन के नेता- India TV Hindi
इंडिया गठबंधन के नेता Image Source : PTI

विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के नेता 'वोट चोरी' के मुद्दे पर एक बार फिर एकजुट होंगे। वोट चोरी के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शन की रूपरेखा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का दबाव बढ़ाने की रणनीति तय करने के लिए इंडिया गठबंधन के नेता आज शाम ऑनलाइन बैठक करेंगे। सूत्रों के हवाले ये जानकारी सामने आई है।

मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे बैठक की अध्यक्षता

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित 'इंडिया' गठबंधन की रैली की तैयारियों की समीक्षा भी की जाएगी। पिछले हफ्ते, 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर विपक्षी नेताओं ने उच्चतम न्यायालय तक मार्च किया था। 

राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के नेताओं को चाय पर बुलाया था

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 13 अक्टूबर को अपने आवास पर 'इंडिया' के नेताओं को चाय पर भी आमंत्रित किया था। बैठक के बाद विपक्षी गठबंधन ने अपना विरोध जारी रखने और 'वोट चोरी' के खिलाफ लड़ाई को उसकी तार्किक परिणति तक ले जाने का संकल्प लिया था। 

वोट चोरी विपक्ष की रणनीति का अहम हिस्सा

बता दें कि 'इंडिया' गठबंधन की ओर से 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाया जाना विपक्ष की उस रणनीति का अहम हिस्सा है। इसके तहत वह मतदाता सूची की शुद्धता, मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सरकार तथा चुनाव आयोग से सवाल कर रहा है। विपक्षी दलों का आरोप रहा है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों और कथित फर्जी मतदाताओं के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सकता है। 

विपक्ष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की थी मुलाकात

हाल के दिनों में यह मुद्दा और तेज हुआ है। 30 सितंबर को हुई पिछली बड़ी बैठक में विपक्षी दलों ने संयुक्त विरोध-प्रदर्शन, चुनाव आयोग तक मार्च और देशभर में रैलियां करने की रणनीति बनाई थी। इसके बाद 9 अक्टूबर को गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई थी। विपक्ष की कोशिश इस मुद्दे पर सभी सहयोगी दलों को एक मंच पर लाकर आंदोलन को आगे बढ़ाने की है। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

'राहुल गांधी के वियतनाम से लौटने पर होगा रिजीम चेंज...', संजय राउत ने जारी किया बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।