कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे और फोटोग्राफर रेहान वाड्रा की तस्वीरों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रेहान ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस में उनकी एकल प्रदर्शनी (solo exhibition) शुरू होने से पहले दिल्ली में हाल ही में हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी कई तस्वीरें हटा दी गईं। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शनी से करीब 70 तस्वीरें हटाए जाने का दावा किया गया है। इस मामले पर प्रियंका गांधी ने अपने बेटे का समर्थन करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठाए हैं।
रेहान वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के स्टोरी पर लिखा, "पांच घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन ने मुझे अपने शो "नो आइडिया इज़ फाइनल" जो शाम 7 बजे शुरू होने वाला है, इस प्रदर्शनी में लगी ज़्यादातर कलाकृतियों को हटाने के लिए मजबूर किया गया। ये तस्वीरें दिल्ली में युवाओं के विरोध-प्रदर्शन की थीं। जाहिर है उन्हें यह सामग्री 'आपत्तिजनक' लगी।"
तिरंगे की तस्वीर को भी हटाने को कहा गया- रेहान
इसके साथ ही रेहान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "उन्होंने मुझसे तिरंगे की दो तस्वीरें हटाने के लिए भी कहा। मैंने मना कर दिया। मैं भारतीय तिरंगे की तस्वीर नहीं हटाऊँगा। फिलहाल यह शो आंशिक रूप से ही चलेगा, लेकिन मैं कोई दूसरी जगह ढूँढूँगा और विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरों का पूरा कलेक्शन वहाँ प्रदर्शित करूँगा।"
प्रदर्शनी लगाने में दो दिन का लगता है समय- रॉबर्ट वाड्रा
इस पूरे मामले पर रेहान के पिता रॉबर्ट वाड्रा का बयान सामने आया है। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "उन पर सब कुछ हटाने का बहुत दबाव था। यह उनकी प्रदर्शनी शुरू होने से ठीक दो घंटे पहले हुआ। यह हैरान करने वाला था क्योंकि प्रशासन को एक हफ्ते पहले ही PDF फाइल मिल गई थी। उन्हें प्रदर्शनी के बारे में बता दिया गया था। प्रदर्शनी लगाने में दो दिन का समय लगता है। प्रशासन ने जगह का दौरा किया था, डिस्प्ले देखे थे और तब कोई आपत्ति नहीं जताई थी। लेकिन, प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले, बिना किसी स्पष्टीकरण के हालात बदल गए।
हर किसी को अपनी बात रखने की आजादी - रॉबर्ट वाड्रा
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, "इसके बावजूद मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत हिम्मत दिखाई और जो कुछ भी बचा था, उसी के साथ प्रदर्शनी जारी रखी। जैसा कि मैंने कहा, मुझे उन पर गर्व है। जिन्हें आमंत्रित किया गया था, वे सभी प्रदर्शनी में आए, क्योंकि यह उनका पेशा भी है। बीकानेर हाउस राजस्थान सरकार के अंतर्गत आता है। मैं बस इतना कह सकता हूं कि अगर हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, तो रचनात्मक दुनिया में राजनीति को लाने का कोई मतलब नहीं है। हर किसी को अपनी बात रखने की आजादी होनी चाहिए।"
प्रियंका गांधी ने बेटे के समर्थन में क्या कहा?
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेटे रेहान के समर्थन में एक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा, "जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो शायद उसे एहसास भी नहीं होता कि वह उसी सत्ता को खो चुका है, जिसे बचाने की कोशिश कर रहा है। तुम सच के साथ खड़े रहो, और हर खूबसूरत चीज खुद-ब-खुद तुम्हारे पास आ जाएगी। मुझे तुम पर गर्व है, और हमेशा रहेगा।" इसके साथ ही उन्होंने अपने संदेश के अंत में मां के तौर पर बेटे के प्रति अपना स्नेह भी जाहिर किया।
विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरों पर क्यों उठा विवाद?
रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से हटाई गई तस्वीरें हाल में दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी थीं। तस्वीरों को हटाए जाने के आरोप के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या प्रदर्शनी में शामिल की जाने वाली तस्वीरों की विषयवस्तु को लेकर आपत्ति जताई गई थी। हालांकि, तस्वीरें हटाने के पीछे के कारण का बीकानेर हाउस प्रशासन की ओर से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: