मुजफ्फरपुर जिले में एक महिला को देवर की लव मैरिज की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। साहेबगंज थाना क्षेत्र के गोड़ा गांव में गुरुवार रात घर में सो रही 35 वर्षीय मीना देवी को गोलियों से भून दिया गया। महिला की मौके पर मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने रंजीत पासवान को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। मृतका की पहचान गौड़ा गांव निवासी महेश पासवान की पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मीना देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान हमलावर घर में घुसा और उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे घोषित कर दिया।
आधी रात की फायरिंग
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 12 बजे आरोपी घर में घुसा और अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें मीना देवी को चार गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के वक्त बिस्तर बदलने की वजह से मृतका की सास बाल-बाल बच गईं। मीना देवी अपने पीछे चार बेटियां और दो महीने का एक दुधमुंहा बेटा छोड़ गई हैं। सबसे बड़ी बेटी की उम्र करीब 10 साल बताई जा रही है। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है, जिसे देखकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे।
लव मैरिज बना विवाद की जड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि मीना देवी के देवर सुधीर पासवान का आरोपी रंजीत की बेटी के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन रंजीत शादी के लिए तैयार नहीं था। परिवार के विरोध के बावजूद घर से भागकर दोनों ने चुपके से शादी कर ली। इसी बात से नाराज रंजीत पासवान बदले की आग में जल रहा था। रंजीत ने सुधीर की हत्या की धमकी थी और मौके की तलाश में था। शादी के बाद जब सुधीर घर नहीं लौटा तो उसने परिवार को निशाना बनाने की साजिश रच ली। रंजीत पासवान ने अपने दामाद के पिता और माता की हत्या का प्लान बना लिया।
गलत पहचान में भाभी की हत्या
घटना वाली रात आरोपी पिस्टल लेकर घर में घुसा और जिस खाट पर सुधीर की मां सोती थीं, उस पर सो रही मीना देवी को ही निशाना बना लिया। अंधेरे में उसने उन्हें सुधीर की मां समझकर गोली मार दी, जिससे घटना स्थल पर ही महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रंजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। गांव में इस वारदात के बाद गम और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों ने बताई विवाद की वजह
हरिचंद्र पासवान ने बताया कि रंजीत पासवान ने मीना देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। रंजीत से पहले से विवाद चल रहा था। गोली की आवाज सुनकर दौड़े तब तक आरोपी फरार हो गया। छह माह पहले लड़की और लड़के ने घर से भागकर शादी की थी। इसके बाद लड़की को उनके हवाले कर दिए। लड़की फिर वापस मेरे घर आकर बैठ गई। दोबारा लड़की को उसके पिता के हवाले कर दिया। लड़के को गुजरात भेज दिए। लड़की को पता चला और वह भी ट्रेन पकड़कर गुजरात भाग गई। इसी का विवाद था।
पुलिस ने क्या बताया
मामले में डीएसपी ने अभिजीत कौर ने बताया कि एक महिला की गोली लगने की सूचना मिली है। उनकी मौत हो गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
(मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
VIDEO: गया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर जानलेवा हमला, बाल–बाल बचे मांझी, दो युवक हिरासत में
मनचलों पर सख्ती के लिए बिहार पुलिस की बड़ी पहल, सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में महिलाओं के खातिर लगाएगी पैनिक बटन