1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मनचलों पर सख्ती के लिए बिहार पुलिस की बड़ी पहल, सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में महिलाओं के खातिर लगाएगी पैनिक बटन

मनचलों पर सख्ती के लिए बिहार पुलिस की बड़ी पहल, सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में महिलाओं के खातिर लगाएगी पैनिक बटन

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Vinay Trivedi
 Published : May 22, 2026 12:37 pm IST,  Updated : May 22, 2026 12:44 pm IST

Bihar Women Security: बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अब पब्लिक प्लेस और पार्कों में पैनिक बटन लगाएगी जो आपात स्थिति में महिलाओं की मदद करेंगे।

Bihar Women Security- India TV Hindi
बिहार में महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन लगाए जाएंगे। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

Bihar Police Panic Button: बिहार में महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों की खैर नहीं होगी। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बिहार पुलिस ने बड़ा स्टेप लेते हुए पैनिक बटन लगाने का ऐलान कर दिया है। ये पैनिक बटन किसी भी इमरजेंसी स्थिति में तुरंत पुलिस को अलर्ट करेंगे, जिसके बाद डायल 112 की पुलिस टीम सिर्फ 11 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच जाएगी।

पैनिक बटन से मनचलों की हरकतों पर लगाम

बता दें कि बिहार पुलिस, राज्य में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मनचलों पर सख्ती से लगाम लगाने के लिए और सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों की हरकतों को रोकने के लिए पार्कों में पैनिक बटन लगाएगी। राजधानी पटना सहित अन्य प्रमुख शहरों के पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पैनिक बटन लगाए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति या मनचलों के परेशान किए जाने पर महिलाएं इन बटनों को दबा सकेंगी।

पैनिक बटन दबाने के 11 मिनट के अंदर पहुंचेगी पुलिस

गौरतलब है कि ये पैनिक बटन दबते ही डायल 112 की टीम मात्र 11 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। इससे महिलाओं और छात्राएं कहीं भी असुरक्षित महसूस नहीं करेंगी और अपनी मर्जी से किसी भी समय कहीं भी बिना किसी डर के जा सकेंगी।

'अभया ब्रिगेड' भी मनचलों के खिलाफ ले रही एक्शन

जान लें कि इससे पहले पुलिस की तरफ से 'अभया ब्रिगेड' का गठन किया गया था। यह विशेष टीम महिलाओं और छात्राओं के साथ होने वाली घटनाओं पर पैनी नजर रखती है और मनचलों के खिलाफ तत्काल एक्शन लेती है।

महिलाओं की सिक्योरिटी और होगी मजबूत

पुलिस का मानना है कि इस स्टेप से पब्लिक प्लेस पर महिलाओं की सिक्योरिटी और मजबूत होगी। शाम और रात के वक्त पार्कों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में खासतौर पर महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी होने पर जल्द मदद मिल सकेगी। बिहार पुलिस आने वाले वक्त में इस व्यवस्था को और ज्यादा शहरों और संवेदनशील क्षेत्रों तक विस्तार देने की तैयारी में भी लगी हुई है।

ये भी पढ़ें- 19 साल की दुल्हन, 40 साल का दूल्हा, राजस्थान से आई बारात में बदल गया लड़का, जयमाला से पहले यूं खुली पोल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।