1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 5 राज्यों में फैला था जाल

मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 5 राज्यों में फैला था जाल

मुजफ्फरपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए वैशाली के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बैंक खाते पर 5 राज्यों से 6 शिकायतें दर्ज हैं। मामले में पुलिस की छापेमारी और जांच जारी है।

मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मुजफ्फरपुर में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा एक्शन

मुजफ्फरपुर में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे करजा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मामले की शुरुआत करजा थाना क्षेत्र के रहने वाले रूपेश कुमार की शिकायत से हुई। पीड़ित ने साइबर थाने में आवेदन देकर बताया था कि आरोपियों ने प्रलोभन देकर उनके नाम पर बैंक खाता खुलवाया। इसके बाद खाते में किसी दूसरे व्यक्ति का मोबाइल नंबर जुड़वाकर एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल कर लिया। इसी खाते के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किया जा रहा था।

इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 173/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण और साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

5 राज्यों में फैला था जाल और बरामद हुए अहम दस्तावेज

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर साइबर ठगी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उसके बयान के आधार पर पुलिस टीम ने वैशाली जिले में तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन गिरोह के अन्य सदस्य फरार मिले। पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी के लिए हो रहा था, उसके खिलाफ 5 राज्यों से कुल 6 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने तलाशी के दौरान दो पासबुक, एक मोबाइल, तीन चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक वोटर कार्ड जब्त किया है।

पुलिस अधिकारियों का बयान और आगे की कार्रवाई

साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार जिले में साइबर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वादी रूपेश कुमार के आवेदन पर कांड दर्ज कर टीम का गठन किया गया था, जिसके बाद मुख्य आरोपी को करजा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

(संजीव कुमार रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

दरभंगा में पुलिस ASI को अपराधियों ने मारी गोली, SSP ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच