पटना: नीतीश कुमार एमएलसी के पर से इस्तीफा दे चुके हैं और राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल कर चुके हैं। अब जल्द ही सीएम के पद से उनकी विदाई होने वाली है। लेकिन बिहार का अगला सीएम कौन होगा? यह सवाल आज भी मौजूद है। इस बीच पटना में उस वक्त सियासी हलचल देखने को मिली, जब नीतीश कुमार के सामने ही कार्यकर्ताओं ने ‘निशांत कुमार CM जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
गेस्ट हाउस का उद्घाटन करने पहुंचे थे नीतीश
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधान परिषद के नए गेस्ट हाउस के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया। यह गेस्ट हाउस जनप्रतिनिधियों और आगंतुकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया है। इस कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद रहे।
‘निशांत कुमार CM जिंदाबाद’ के नारे लगे
उद्घाटन के बाद जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम स्थल से आगे बढ़ रहे थे, उसी दौरान जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। नीतीश कुमार के सामने ही ‘निशांत कुमार CM जिंदाबाद’ के नारे लगने लगे। हालांकि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और मुस्कुराते हुए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए। इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे भविष्य की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
नीशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा तेज है। वहीं सीएम का ताज बीजेपी को मिलने की बात कही जा रही है। लेकिन जनता दल यूनाइटेड के अंदर एक खेमा ऐसा है जो चाहता है कि सीएम की कुर्सी निशांत कुमार को ही मिले। ऐसे लोगों का दावा है कि निशांत ही नीतीश कुमार के बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।