1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के सहरसा में पूजा का प्रसाद खाने के बाद 100 से ज्यादा लोग बीमार, उल्टी-दस्त से हालत हुई खराब

बिहार के सहरसा में पूजा का प्रसाद खाने के बाद 100 से ज्यादा लोग बीमार, उल्टी-दस्त से हालत हुई खराब

बिहार के सहरसा में पूजा का प्रसाद खाने के बाद 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई है। मौके पर पहुंची मेडिकल की टीम लोगों का इलाज करने में जुटी है।

Saharsa- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बीमार पड़े लोग

सहरसा: बिहार के सहरसा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां पूजा का प्रसाद खाने के बाद 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से मौके पर हड़कंप मच गया। 

क्या है पूरा मामला?

सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर के सरडीहा गांव के मध्य टोला में अचानक 100 से भी लोगों को उल्टी दस्त की समस्या हो गई और वह बीमार पड़ गए। अचानक गांव में दर्जनों लोगों के बीमार पड़ने की खबर से गांव में अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया है।

बीमार पड़ने वालों में महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी अनुमंडल अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर के चिकित्सा पदाधिकारी को दी, जिसके बाद मेडिकल की टीम गांव पहुंचकर लोगों का उपचार कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, गांव में गुरुवार की संध्या में सत्यनारायण भगवान का पूजा का प्रसाद ग्रहण करने के बाद दूसरे दिन लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। जिसके बाद जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, तब तक इलाके में दर्जनों की संख्या में लोगों को अचानक उल्टी दस्त होने लगे। स्थिति बिगड़ने के बाद लोग बीमार पड़ने लगे। मौके पर पहुंची मेडिकल की टीम घर-घर जाकर लोगों का उपचार करने में जुटी है। वहीं कुछ लोग गांव से बाहर अपना इलाज करवा रहे हैं। 

फूड प्वाइजनिंग से कैसे बचें?

फूड प्वाइजनिंग से बचने के लिए पहले ये जानना जरूरी है कि फूड प्वाइजनिंग क्या होती है। फूड प्वाइजनिंग वह बीमारी है जो दूषित या खराब खाना खाने से होती है। खाना जब बैक्टीरिया, वायरस, पैरासाइट (परजीवी) या जहरीले पदार्थ (टॉक्सिन) से दूषित हो जाता है, तो उसे खाने के बाद शरीर में संक्रमण या विषाक्तता हो जाती है। इसे आम भाषा में फूड प्वाइजनिंग कहते हैं।

फूड प्वाइजनिंग से बचने के लिए छोटी-छोटी आदतें अपनाएं। 

  • हाथ साफ रखें।
  • कच्चे और पके खाने को अलग रखें।
  • खाना अच्छी तरह पकाएं।
  • बचे हुए खाने को दोबारा गर्म करते समय अच्छी तरह गर्म करें।
  • सही तापमान पर रखें पका हुआ खाना।
  • सफाई का ध्यान रखें।
  • पानी साफ और उबला/फिल्टर्ड इस्तेमाल करें।
  • खाने की एक्सपायरी डेट चेक करें। 
  • खराब गंध, रंग या स्वाद वाला खाना न खाएं।
  • सड़क किनारे या अस्वच्छ जगह का खुला खाना कम खाएं।
  • दूध, दही, पनीर आदि पैकेट बंद और फ्रेश लें।
  • गर्भवती महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग कच्चा सीफूड, अनपाश्चराइज्ड दूध और अधपका मांस से बचें।
  • उल्टी, दस्त, पेट दर्द, बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। 
  • ज्यादा पानी पिएं ताकि डिहाइड्रेशन न हो। 

इससे पहले महाराष्ट्र में भी महाप्रसाद खाकर  करीब 350 लोगों को फूड प्वाइजनिंग हो गई थी। (रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

लखनऊ के अनाथालय में फूड प्वाइजनिंग से कोहराम, 2 बच्चों की मौत, 16 अस्पताल में