बिहार के गया जिले के बेलागंज प्रखंड के चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार यादव का कथित तौर पर हथियार के साथ वीडियो वायरल हो रहा है। जितेंद्र कुमार यादव के कई ऐसे वीडियो हैं जिसमें वो गन के साथ पोज दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पिछले करीब एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर मुखिया जितेंद्र कुमार यादव के ऐसे वीडियो सामने आ रहे थे जिसमें वो हथियार के साथ दिख रहे हैं। इन वीडियो को लेकर वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बेलागंज थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता, उसके स्रोत और उसमें दिखाई दे रहे हथियार सहित दूसरे पहलुओं की जांच में जुटी है।
छत पर पिस्तौल लेकर घूमते पंचायत मुखिया
सोशल मीडिया पर डाले जाने वाले कथित वीडियो में चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार यादव किसी घर की छत पर हाथ में पिस्तौल लेकर घूमते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे कथित हथियार के साथ अलग-अलग अंदाज में पोज देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद चर्चा में आ गया। हालांकि, वायरल वीडियो कब और कहां बनाया गया है। वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वास्तविक है या नहीं और वीडियो के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है या नहीं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने लिया मामले में संज्ञान
बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चिरैला पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार यादव का हथियार के साथ कथित वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता के साथ-साथ उसका बैकग्राउंड चेक किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान, हथियार कैसा है और वीडियो बनाने से जुड़े दूसरे तथ्यों की पहचान की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट: गया, अजीत कुमार