1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में ग्रेनेड और हथियार के साथ दो संदिग्ध गिरफ्तार, आपराधिक गिरोह से कनेक्शन खंगाल रही है पुलिस

पटना में ग्रेनेड और हथियार के साथ दो संदिग्ध गिरफ्तार, आपराधिक गिरोह से कनेक्शन खंगाल रही है पुलिस

 Published : Sep 23, 2026 08:48 am IST,  Updated : Sep 23, 2026 08:48 am IST

पटना के शीतला मंदिर ओवरब्रिज के पास पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। तलाशी लेने पर इनके पास से ग्रेनेड और हथियार बरामद किए हैं। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है कि इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था। ये लोग किस गैंग के लिए काम करते थे।

पटना में ग्रेनेड और हथियार के साथ 2 गिरफ्तार- India TV Hindi
पटना में ग्रेनेड और हथियार के साथ 2 गिरफ्तार Image Source : INDIA TV

बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। मामला अगमकुआं थाना क्षेत्र का है, जहां शीतला मंदिर ओवरब्रिज के पास पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से ग्रेनेड और हथियार बरामद किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 की रात अगमकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस शीतला मंदिर ओवरब्रिज के पास कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा। तलाशी लिए जाने पर उनके पास से हथियार और ग्रेनेड मिलने की बात कही जा रही है। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

हथियार और ग्रेनेड के साथ 2 संदिग्ध गिरफ्तार

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के पास हथियार और ग्रेनेड कहां से आए थे और इन्हें अपने पास रखने का उद्देश्य क्या था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है। इसके अलावा उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित आपराधिक कनेक्शन की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है पुलिस

जांच के तहत पुलिस दोनों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरफ्तारी से पहले दोनों किन लोगों के संपर्क में थे और हाल के दिनों में उनकी गतिविधियां किस तरह की थीं। अगमकुआं थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने घटना की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक पकड़े गए दोनों लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। बरामद हथियार और कथित ग्रेनेड को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस बरामद सामान की जांच कर यह भी पता लगा रही है कि कथित ग्रेनेड वास्तविक है या किसी अन्य प्रकार का संदिग्ध सामान। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

इनपुट: बिट्टू कुमार, पटना

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।