1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: बाल-बाल बचे पप्पू यादव, भोजपुर में कटाव का जायजा लेने पहुंचे थे, अचानक गंगा में समाया मकान

VIDEO: बाल-बाल बचे पप्पू यादव, भोजपुर में कटाव का जायजा लेने पहुंचे थे, अचानक गंगा में समाया मकान

बिहार में गंगा और उसकी सहायक नदियां पूरे उफान पर हैं। राजधानी पटना में भी गंगा अपना रौद्र रूप दिखा रही है। भोजपुर जिले में गंगा का भारी कटाव हो रहा है। इसी का जायजा लेने पप्पू यादव पहुंचे।

Pappu Yadav- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पप्पू यादव बाल-बाल बचे

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव आज उस वक्त नदी में समाने से बाल-बाल बच गए जब वो भोजपुर में गंगा के कटाव का जायजा लेने पहुंचे थे। शाहपुर प्रखंड के जवईनिया गांव में गंगा नदी पूरे उफान पर है और वहां कई घर गंगा में समा चुके हैं। पप्पू यादव गंगा अपने समर्थकों के साथ गंगा के कटाव का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई।

रौद्र रूप दिखा रही गंगा

बता दें कि बिहार में गंगा और उसकी सहायक नदियां पूरे उफान पर हैं। राजधानी पटना में भी गंगा अपना रौद्र रूप दिखा रही है। भोजपुर जिले में गंगा का भारी कटाव हो रहा है। गंगा के किनारे के इलाके कटाव की जद में हैं। कई मकान को गंगा अपने उफान में लील चुकी है। 

कटाव का जायजा लेने पहुंचे थे पप्पू यादव

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को जब गंगा में कटाव की सूचना मिली तो वे भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के जवईनिया गांव पहुंचे। पप्पू यादव समर्थकों के साथ गंगा के कटाव का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान गंगा का रौद्र रूप देखने को मिला। जब पप्पू यादव काटव का जायजा ले रहे थे तभी एक मकान पानी में समा गया। कुछ ही देर बाद पप्पू यादव जहां खड़े थे वहां की मिट्टी धंसने लगी लेकिन जब तक मिट्टी पूरी धंसती पप्पू यादव को उनके समर्थकों ने वहां से हटा लिया।

पप्पू यादव ने प्रशासन पर क्या आरोप लगाए?

घटना के बाद पप्पू यादव ने कहा कि भगवान की कृपा और ग्रामीणों की मदद से मेरी जान बची। मैं यहां की जनता का दर्द समझने आया हूं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कई दिनों से गंगा का कटाव जारी है, लेकिन सरकार और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन केवल फाइलों और पैसों की लूट में व्यस्त है। मेरे सामने ही कई घर गंगा में समा गए, लेकिन शासन-प्रशासन की संवेदनहीनता साफ नजर आ रही है। यह आपदा नहीं, सरकार की लापरवाही का परिणाम है। 

वहीं पप्पू यादव ने मौके पर ही कटाव से विस्थापित परिवारों को आर्थिक मदद दी और आश्वासन दिया कि आगे भी हरसंभव सहायता उनकी ओर से दी जाएगी। पप्पू यादव के समर्थकों ने पीड़ितों के परिवारों को राशन, भोजन के अलावा त्रिपाल के साथ आर्थिक मदद कर रहे हैं। वर्तमान में गांव में हालात गंभीर बने हुए हैं। लोगों का गुस्सा फूट रहा है और वे राहत व पुनर्वास की तत्काल मांग कर रहे हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस राहत काम शुरू नहीं हो सका है।