बिहार की राजधानी पटना के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बेटे के सामने ही पिता की चाकू गोद कर हत्या कर दी गई, जबकि उनके बड़े बेटे साहिल पर भी चाकू और कैंची से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छोटे बेटे के साथ मारपीट
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत दीपू कुमार के छोटे बेटे के साथ मारपीट से हुई। इसका विरोध करने के लिए परिवार के लोग पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान राजू महतो और उनके परिवार के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। जिससे दीपू कुमार कि मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे साहिल गंभीर रूप से घायल घायल हो गया।
पुलिस ने दो को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता पहुंचे अस्पताल
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बिहार किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने घायल साहिल से भी मुलाकात की और उसके इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास
रूपनारायण मेहता स्वयं साहिल के इलाज की स्थिति देखने अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। उन्होंने घायल साहिल का सिटी स्कैन कराने की प्रक्रिया में भी सहयोग किया और चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने पर वे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक राज किशोर सिंह ने बताया है कि पक्षों के बीच मामूली विवाद में चाकू लगने से दीपू कुमार की मौत हो गई है। घटना में शामिल दो आरोपी को राजू महतो और उनके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दीपू कुमार की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच जा रही है।
बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
गया में प्रेम-प्रसंग का हाईवोल्टेज ड्रामा, ‘शादी के लिए हां करो’ कहकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक